ईरान-अमेरिका वार्ता में फिर आया गतिरोध, यूरेनियम संवर्धन पर नहीं बनी सहमति; मध्यस्थों ने दी युद्ध की चेतावनी

ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु वार्ता यूरेनियम संवर्धन के मुद्दे पर अटक गई है। अमेरिका लिखित गारंटी मांग रहा है, जबकि तेहरान अपनी शर्तों पर अड़ा है। मध्यस्थों ने पश्चिम एशिया में फिर सैन्य संघर्ष की आशंका जताई है।

By  Preeti Kamal November 21st 2026 05:20 PM -- Updated: November 21st 2026 04:34 PM

तेहरान: अमरीका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही बातचीत एक बार फिर पटरी से उतरती नजर आ रही है। दोनों देशों के बीच ईरान के संवर्धित यूरेनियम के भंडार और भविष्य में यूरेनियम संवर्धन रोकने की शर्तों पर सहमति नहीं बन पा रही है। इस बीच मध्यस्थों ने आशंका जताई है कि पश्चिम एशिया में दोनों देशों के बीच फिर से सैन्य संघर्ष शुरू हो सकता है।

अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम के पूरे भंडार को समाप्त करने और भविष्य में यूरेनियम संवर्धन दोबारा शुरू नहीं करने की लिखित गारंटी दे। वाशिंगटन इस संबंध में स्पष्ट रोडमैप की मांग कर रहा है। हालांकि, मध्यस्थों की ओर से मतभेद दूर करने के लिए कई प्रस्ताव पेश किए गए हैं, लेकिन दोनों देश अपनी-अपनी शर्तों पर कायम हैं। इसके चलते बातचीत में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।

ईरान बोला- सिर्फ गतिरोध खत्म करने के लिए समझौता नहीं करेंगे

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि उनका देश अमेरिका के साथ केवल मौजूदा कूटनीतिक गतिरोध खत्म करने के लिए किसी समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करेगा। तेहरान चाहता है कि किसी भी समझौते में उसके राष्ट्रीय हितों की रक्षा हो और भविष्य में सैन्य टकराव की आशंका को खत्म करने की गारंटी मिले।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी अखबार को दिए इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि उनका देश ऐसा समझौता चाहता है जो अच्छा, सम्मानजनक और लंबे समय तक टिकाऊ हो। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहता, जहां न युद्ध हो और न शांति। उन्होंने समझौते की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा, "अगर आज समझौता होता है और दो महीने बाद उसका उल्लंघन हो जाता है तथा फिर युद्ध शुरू हो जाता है, तो ऐसे समझौते का क्या फायदा?"

60 फीसदी संवर्धित यूरेनियम पर बातचीत को तैयार ईरान

अराघची ने कहा कि जून में हुए युद्धविराम समझौते के महज 15 दिन बाद फिर से लड़ाई शुरू हो गई थी। ऐसे में ईरान केवल मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकलने के लिए किसी समझौते को स्वीकार नहीं करेगा। परमाणु कार्यक्रम पर ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि तेहरान अपने 60 फीसदी तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को लेकर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इस सामग्री को देश से बाहर भेजने के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यूरेनियम संवर्धन को लेकर एक उचित समाधान निकाला जा सकता है, बशर्ते समझौते में ईरान के राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा चिंताओं को भी शामिल किया जाए।

कतर और पाकिस्तान के जरिए जारी है बातचीत

अराघची ने पुष्टि की कि ईरान और अमेरिका के बीच कतर और पाकिस्तान समेत मध्यस्थ देशों के माध्यम से संदेशों और प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है। उन्होंने कूटनीतिक समाधान की उम्मीद जताते हुए कहा, "हम कूटनीति में विश्वास रखने वाले लोग हैं और हमें अब भी कूटनीति से उम्मीद है।"

वहीं, उन्होंने संकेत दिया कि यदि अमेरिका ईरान की शर्तें पूरी करता है तो तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए तैयार है। ईरान का कहना है कि किसी भी कूटनीतिक समझौते में उसके परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और सुरक्षा चिंताओं से जुड़े मुद्दों का समाधान होना जरूरी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.