ईरान की अमेरिका को चेतावनी—बंदरगाहों की नाकेबंदी हुई तो खाड़ी में कोई सुरक्षित नहीं...

By  Preeti Kamal April 13th 2026 03:10 PM -- Updated: April 13th 2026 02:22 PM

तेहरान, ईरान: ईरान ने सोमवार को अपने बंदरगाहों की नाकेबंदी की अमरीका की योजना की कड़ी आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि यदि उसकी समुद्री सुरक्षा को खतरा हुआ तो पूरे फारस की खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा प्रभावित होगी। ईरानी सरकारी मीडिया Islamic Republic of Iran Broadcasting (IRIB) के अनुसार, खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने कहा कि Persian Gulf और Sea of Oman में समुद्री सुरक्षा को सामूहिक रूप से बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं अपने क्षेत्रीय जल में संप्रभुता और अधिकारों की रक्षा को “स्वाभाविक और कानूनी कर्तव्य” मानती हैं। बयान में कहा गया, “ईरान की सशस्त्र सेनाएं देश के कानूनी अधिकारों की रक्षा को अपना प्राकृतिक कर्तव्य मानती हैं और अपने क्षेत्रीय जल में संप्रभुता का प्रयोग करना ईरानी राष्ट्र का अधिकार है।”

 दुश्मन से जुड़े जहाजों को होर्मुज से गुजरने नहीं दिया जाएगा

इसके आगे उन्होंने कहा, “फारस की खाड़ी और ओमान सागर के बंदरगाहों की सुरक्षा या तो सभी के लिए होगी या किसी के लिए नहीं। यदि ईरान के बंदरगाहों की सुरक्षा को खतरा हुआ, तो इन क्षेत्रों में कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।” बयान में यह भी कहा गया कि ईरान अपने जलक्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और “दुश्मन से जुड़े जहाजों” को रणनीतिक Strait of Hormuz से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जबकि अन्य जहाजों को ईरानी नियमों के तहत आने-जाने की इजाजत होगी।

 ईरान होर्मुज पर नियंत्रण के लिए लागू करेगा तंत्र

प्रवक्ता ने अमेरिकी कदमों को अवैध बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध “समुद्री डकैती” के समान है और यह अंतरराष्ट्रीय मानकों का उल्लंघन है। उन्होंने आगे चेतावनी दी कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जारी खतरों के बीच ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए दीर्घकालिक तंत्र लागू करेगा।

 खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर की ओर से दी गई चेतावनी

यह चेतावनी खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर की ओर से दी गई, जो ईरान की शीर्ष सैन्य संचालन इकाई है और सेना तथा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के बीच समन्वय करती है। यह बयान उस समय आया जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (United States Central Command) ने पहले घोषणा की थी कि वह 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे (ET) से ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी समुद्री यातायात पर नाकेबंदी लागू करेगा। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश के अनुरूप बताया गया है।

CENTCOM के एक्स पोस्ट के अनुसार, यह नाकेबंदी फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में स्थित ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले सभी देशों के जहाजों पर समान रूप से लागू होगी।

नाविकों को संपर्क बनाए रखने की दी सलाह

हालांकि, यह स्पष्ट किया गया कि गैर-ईरानी बंदरगाहों की ओर जाने वाले जहाजों के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आवाजाही की स्वतंत्रता प्रभावित नहीं होगी। कमांड ने यह भी कहा कि वाणिज्यिक जहाजों के लिए आगे के दिशा-निर्देश औपचारिक नोटिस के जरिए जारी किए जाएंगे और नाविकों को आधिकारिक प्रसारण पर नजर रखने तथा क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के साथ संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.