इजरायली सेना ने बेरूत में हिज्बुल्लाह प्रमुख के भतीजे को मार गिराने का दावा किया...

By  Preeti Kamal April 9th 2026 06:12 PM -- Updated: April 9th 2026 05:43 PM

तेल अवीव, इज़राइल: इज़राइल रक्षा बल (IDF) ने गुरुवार को दावा किया कि उसने बेरूत में किए गए हमले में हिज्बुल्लाह प्रमुख नईम कासिम के भतीजे और निजी सचिव अली यूसुफ हरशी को मार गिराया है। IDF ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि हरशी को लेबनान की राजधानी में रातभर चले ऑपरेशन के दौरान निशाना बनाया गया। 

सेना के अनुसार, हरशी हिज्बुल्लाह प्रमुख का करीबी सहयोगी और सलाहकार था, जो उनके कार्यालय के प्रबंधन और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता था। IDF ने बताया कि उसने बेरूत और आसपास के इलाकों में हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई हमले किए।

IDF ने दक्षिणी लेबनान में 10 ठिकानों पर किए हमले

बयान के मुताबिक, लितानी नदी के उत्तर और दक्षिण के बीच आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाले दो रणनीतिक मार्गों को निशाना बनाया गया, जिससे हथियारों—जैसे रॉकेट और लॉन्चर—की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके अलावा, इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में करीब 10 ठिकानों पर हमले किए, जिनमें हथियार भंडारण केंद्र, लॉन्चर और कमांड सेंटर शामिल थे।

एक अन्य अपडेट में IDF ने कहा कि उसकी 162वीं डिवीजन दक्षिणी लेबनान में जमीनी अभियान चला रही है। इस दौरान 401वीं ब्रिगेड के जवानों को एक भूमिगत सुरंग मिली, जहां मुठभेड़ में एक लड़ाके को मार गिराया गया और विस्फोटक, रॉकेट, RPG लॉन्चर और ग्रेनेड जैसे हथियार बरामद किए गए।

70 से अधिक लड़ाकों को मार गिराया- IDF का दावा

IDF ने यह भी दावा किया कि उसकी 215वीं फायर ब्रिगेड ने विभिन्न अभियानों में 70 से अधिक लड़ाकों को मार गिराया, जिनमें मोर्टार हमले की तैयारी कर रहे समूह भी शामिल थे। इस बीच, हिज़बुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाए जाने के साथ ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है।

इज़रायल के हमलों को कड़ा जवाब मिलेगा- ईरान

ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आए हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच नाजुक संघर्षविराम बना हुआ है। ईरान का कहना है कि इस समझौते में लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाई रोकना भी शामिल है, जबकि अमेरिका और इजरायल का कहना है कि यह संघर्षविराम हिज्बुल्लाह पर लागू नहीं होता। 

इस मतभेद के चलते कूटनीतिक प्रयास और जटिल हो गए हैं और संघर्षविराम के टूटने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, AP की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने चेतावनी दी है कि लेबनान में हिज़्बुल्लाह पर इज़रायल के लगातार हमलों के 'स्पष्ट परिणाम और कड़ा जवाब' मिलेगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.