लेबनान में फिर भड़की हिंसा, इजरायली हमलों में 5 लोगों की मौत
इस बीच इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर ने सोशल मीडिया मंच X पर एक विवादास्पद पोस्ट करते हुए लेबनान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की वकालत की। उन्होंने लिखा, "हर इजरायली मां के आंसू के बदले हजार लेबनानी माताएं रोनी चाहिए। पूरा लेबनान जलना चाहिए।"
बेरूत, ईरान: ईरान और अमरीका के बीच हाल ही में हुए शांति समझौते (MoU) के बावजूद मध्य पूर्व में तनाव कम होता नहीं दिख रहा है। दक्षिण लेबनान में शनिवार को हुए ताजा इजरायली हवाई हमलों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक लेबनानी सैनिक और दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) ने यह जानकारी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, कफररेमान चौराहे पर हुए एक हवाई हमले में लेबनानी सेना का एक जवान मारा गया। वहीं बारिश कस्बे में एक ही परिवार के चार सदस्य जिनमें माता, पिता और उनके दो बच्चों शामिल थे उनकी मौत हो गई।
कई इलाकों में लगातार हमले
NNA के मुताबिक, सोहमुर के केंद्रीय इलाके में भी हवाई हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हुए। इसके अलावा कतरानी के शिब्ल क्षेत्र और जेज़ीन इलाके को भी निशाना बनाया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बेरूत के उपनगरों के ऊपर कम ऊंचाई पर ड्रोन उड़ते देखे गए, जबकि हिमा लबाया क्षेत्र पर तीन हवाई हमले किए गए।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
लेबनानी एजेंसी के अनुसार, हालिया हमलों से पहले कफररेमान, हब्बूश, नबातियेह अल-फौका, चौकीन, ज़ेबदीन और कफरजौज़ सहित कई कस्बों पर हमले किए गए थे। नबातियेह शहर में भी तीव्र हवाई कार्रवाई की गई। घटनास्थलों पर सिविल डिफेंस टीमों और राहतकर्मियों द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है। आशंका है कि कई लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
इजरायली सेना की ओर से कोई टिप्पणी नहीं
इजरायली समाचार पत्र जेरूसलम पोस्ट के अनुसार, लेबनान में हुए ताजा हमलों पर अभी तक इजरायल रक्षा बल (IDF) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14 सूत्रीय समझौते में लेबनान सहित क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां रोकने और 60 दिनों के भीतर स्थायी समझौते की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाने का प्रावधान शामिल है। ऐसे में लेबनान में जारी हमले इस प्रक्रिया को जटिल बना सकते हैं।
इजरायली मंत्री के बयान पर विवाद
इस बीच इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर ने सोशल मीडिया मंच X पर एक विवादास्पद पोस्ट करते हुए लेबनान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की वकालत की। उन्होंने लिखा, "हर इजरायली मां के आंसू के बदले हजार लेबनानी माताएं रोनी चाहिए। पूरा लेबनान जलना चाहिए।" बेन-गवीर के इस बयान की विभिन्न स्तरों पर आलोचना हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल की पहली जिम्मेदारी अपने नागरिकों और सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इसके लिए कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
क्षेत्र में बढ़ी अनिश्चितता
विश्लेषकों का मानना है कि ईरान-अमेरिका समझौते के बाद शांति की जो उम्मीद जगी थी, वह लेबनान में जारी हिंसा के कारण कमजोर पड़ सकती है। आने वाले दिनों में क्षेत्रीय कूटनीति और सुरक्षा हालात पर दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी।