जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अज़हर के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर का पाकिस्तान में निधन: रिपोर्ट्स...

By  Preeti Kamal March 31st 2026 11:00 AM -- Updated: March 31st 2026 10:41 AM

पाकिस्तान: जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान में मौत हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी मौत के कारण को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ताहिर अनवर, मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था और लंबे समय से जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़ा हुआ था। वह संगठन की गतिविधियों में कई वर्षों से सक्रिय बताया जाता था।

ताहिर अनवर की मौत की जानकारी संगठन के टेलीग्राम चैनल के जरिए दी गई, जिसमें कहा गया कि उसका अंतिम संस्कार रात 11 बजे बहावलपुर स्थित जामिया उस्मान-ओ-अली में किया जाएगा। हालांकि, मौत की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

भारत के कई आतंकी हमलों में जैश-ए-मोहम्मद का हाथ

जैश-ए-मोहम्मद का नाम भारत में कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा रहा है, जिनमें 2001 संसद हमला, पठानकोट एयरबेस हमला 2016, उरी हमला 2016 और पुलवामा हमला 2019 शामिल हैं। भारत ने भी पाकिस्तान में जैश के ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई बार कार्रवाई की है, जिसमें बहावलपुर स्थित संगठन के मुख्यालय पर हमले शामिल हैं। इन हमलों में मसूद अजहर के कई करीबी रिश्तेदार मारे गए थे।

पिछले साल सितंबर में संगठन ने अप्रत्यक्ष रूप से इन नुकसान को स्वीकार किया था। एक वरिष्ठ कमांडर ने माना था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर में भारत की कार्रवाई में अजहर के परिवार के कई सदस्य मारे गए थे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.