कोलकाता दौरे के बाद दिल्ली पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

By  Preeti Kamal May 23rd 2026 03:00 PM -- Updated: May 23rd 2026 01:51 PM

नई दिल्ली, भारत: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार को कोलकाता दौरा समाप्त करने के बाद नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी जेनेट डी रुबियो, भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर और अमरीका के प्रिंसिपल डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर रॉबर्ट गैब्रियल भी मौजूद थे।

राष्ट्रीय राजधानी में अपने दौरे के दौरान मार्को रुबियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और अमरीकी दूतावास सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के समर्पण समारोह में संबोधन देंगे। इससे पहले शनिवार को रुबियो ने कोलकाता में मदर टेरेसा को श्रद्धांजलि देने के लिए मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया।

"मदर टेरेसा ने करुणा और सेवा की अद्भुत विरासत छोड़ी है"

मार्को रुबियो ने एक्स पर लिखा, “मदर टेरेसा ने करुणा और सेवा की अद्भुत विरासत छोड़ी है। आज मिशनरीज ऑफ चैरिटी जाकर उनकी विरासत को श्रद्धांजलि देना और कैथोलिक आस्था को सेवा के रूप में जीवंत देखना मेरे लिए सम्मान की बात है।”

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी प्रतिनिधिमंडल की दिल्ली यात्रा को लेकर एक्स पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “दिल्ली के लिए उड़ान में!” और विमान के अंदर की तस्वीर साझा की, जिसमें मार्को रुबियो, उनकी पत्नी, रॉबर्ट गैब्रियल और वे स्वयं नजर आए।

पीएम मोदी समेत अन्य वरिष्ठ से हो सकती है मुलाक़ात

इससे पहले शनिवार सुबह रुबियो और उनकी पत्नी कोलकाता से दिल्ली रवाना हुए। इस दौरान उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ भारतीय नेताओं से मुलाकात करने की संभावना जताई गई। सर्जियो गोर ने यह भी पुष्टि की कि रॉबर्ट गैब्रियल अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। उन्होंने लिखा, “हमारे प्रिय मित्र रॉबर्ट गैब्रियल भी सचिव रुबियो के साथ यात्रा कर रहे हैं। भारत में उनका फिर से स्वागत है।”

मार्को रुबियो शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे। यह पिछले 14 वर्षों में किसी शीर्ष अमेरिकी राजनयिक की कोलकाता यात्रा थी। कोलकाता दौरा 23 से 26 मई तक चलने वाली उनकी चार दिवसीय भारत यात्रा की शुरुआत माना जा रहा है।

भारत-अमरीका के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत

इस दौरान वे नई दिल्ली, आगरा और जयपुर समेत कई शहरों का दौरा करेंगे। उच्चस्तरीय बैठकों में व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा सुरक्षा और भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। साथ ही 26 मई को नई दिल्ली में होने वाली QUAD विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है।

मार्को रुबियो की यह पहली भारत यात्रा है

सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, “सचिव मार्को रुबियो कोलकाता पहुंच चुके हैं। यह उनकी पहली भारत यात्रा है। आज बाद में हम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। व्यापार, तकनीक, रक्षा, QUAD और कई अन्य मुद्दों पर अगले कुछ दिनों में चर्चा और प्रगति होगी।”

अमेरिकी राजदूत के अनुसार, आगामी बैठकों में रक्षा साझेदारी, उन्नत प्रौद्योगिकी, व्यापारिक संबंध और QUAD सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.