मिसिसिपी नदी में भीषण हादसा: टैंकर से टकराकर पलटा क्रूज जहाज, 32 यात्री अस्पताल पहुंचे

अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर Atlantic Asphalt टैंकर ने American Heritage क्रूज जहाज को टक्कर मार दी। हादसे में जहाज पलट गया और 32 लोग अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बताया।

By  Preeti Kamal November 14th 2026 12:15 PM -- Updated: November 14th 2026 11:57 AM

न्यू ऑरलियन्स: अमेरीका के लुइसियाना राज्य के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा समुद्री हादसा हुआ है। यहां 'Atlantic Asphalt' नाम के विशाल टैंकर ने यात्रियों से भरे नदी क्रूज जहाज 'American Heritage' को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूज जहाज कुछ ही मिनटों में एक तरफ झुकने लगा और बाद में पलट गया। हादसे के बाद नदी में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

यह हादसा 13 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे पोर्ट ऑफ न्यू ऑरलियन्स के पास हुआ। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, टक्कर के समय क्रूज जहाज पर लगभग 129 यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकन क्रूज लाइन्स का जहाज 'American Heritage' मिसिसिपी नदी के किनारे डॉक पर खड़ा था। जहाज करीब दो घंटे पहले वहां पहुंचा था और यात्रियों को उतारने की प्रक्रिया शुरू होनी थी।

टक्कर के बाद नदी में पलट गया पांच मंजिला क्रूज जहाज

इसी दौरान एस्फाल्ट ले जाने वाला विशाल टैंकर 'Atlantic Asphalt' क्रूज जहाज से टकरा गया। टक्कर के बाद क्रूज जहाज में पानी भरने लगा और वह कुछ ही मिनटों में एक तरफ झुक गया। देखते ही देखते पांच मंजिला जहाज पलटकर नदी में लगभग डूब गया। घटना के सामने आए वीडियो में टैंकर को क्रूज जहाज से टकराते और यात्रियों को जान बचाने के लिए पानी में उतरते देखा जा सकता है। आसपास मौजूद नावों, टगबोट ऑपरेटरों और बंदरगाह कर्मचारियों ने बचाव कार्य में मदद की।

32 लोग अस्पताल में भर्ती, सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को बचाया गया

न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो के अनुसार, हादसे के बाद 32 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, किसी की भी हालत गंभीर नहीं बताई गई। अधिकारियों ने पुष्टि की कि दोनों जहाजों पर सवार सभी लोगों का पता लगा लिया गया है और कोई भी लापता नहीं है। 

रेस्क्यू ऑपरेशन में अमेरिकी कोस्ट गार्ड, न्यू ऑरलियन्स पुलिस, दमकल विभाग, हार्बर पुलिस और स्थानीय बचाव दल शामिल रहे। आसपास मौजूद निजी जहाजों ने भी नदी में गिरे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। मेयर ने सभी लोगों के सुरक्षित मिलने पर इसे मिसिसिपी नदी पर किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।

टैंकर का स्टीयरिंग फेल होने की आशंका, जांच शुरू

अमेरिकी कोस्ट गार्ड की कैप्टन मेलानी बर्नहैम के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में टैंकर के स्टीयरिंग सिस्टम में खराबी या नियंत्रण खोने की आशंका सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने भी मामले की जांच शुरू करने की तैयारी की है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टैंकर ने खड़े क्रूज जहाज को कैसे टक्कर मारी और क्या तकनीकी खराबी इसकी वजह बनी।

क्या है Atlantic Asphalt टैंकर और American Heritage क्रूज?

'American Heritage' अमेरिकन क्रूज लाइन्स द्वारा संचालित पांच मंजिला नदी क्रूज जहाज है। इसका निर्माण 2015 में हुआ था और इसमें अधिकतम 150 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। यह लुइसियाना और मिसिसिपी के विभिन्न पर्यटन स्थलों की आठ दिवसीय यात्रा पूरी कर न्यू ऑरलियन्स पहुंचा था।

वहीं, 'Atlantic Asphalt' एक विशाल टैंकर है, जिसका इस्तेमाल एस्फाल्ट और बिटुमेन जैसे पदार्थों के परिवहन के लिए किया जाता है। इनका उपयोग मुख्य रूप से सड़क निर्माण और छतों के निर्माण में होता है। हादसे के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने समुद्री सुरक्षा और जहाजों के संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर के सटीक कारण का इंतजार है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.