सीक्रेट "ह्यूमन चेन" से संदेश भेज रहे हैं ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई...

By  Preeti Kamal April 25th 2026 04:45 PM -- Updated: April 25th 2026 03:37 PM

तेहरान, ईरान: मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद देश की कमान संभाली और सार्वजनिक रूप से वो काफी हद तक नजर नहीं आए। The New York Times की रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को अमरीका-इजरायल के संयुक्त हमले में उनके पिता की मौत हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नए सुप्रीम लीडर का कोई वीडियो या ऑडियो सामने नहीं आया है।

उनके निर्देश केवल सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए या सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाए जाते हैं। कहा गया है कि वह जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं ताकि शुरुआत में कमजोर या असुरक्षित न दिखें। सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रिवोल्यूशनरी गार्ड के वरिष्ठ कमांडर और बड़े सरकारी अधिकारी उनसे मिलने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि इजरायल उनकी लोकेशन ट्रैक कर सकता है।


निगरानी से बचने के लिए एक खास संचार प्रणाली

अमेरिका और इजरायल की निगरानी से बचने के लिए एक खास संचार प्रणाली अपनाई गई है। संदेश हाथ से लिखे जाते हैं, लिफाफों में सील किए जाते हैं और भरोसेमंद लोगों की “ह्यूमन चेन” के जरिए पहुंचाए जाते हैं। ये संदेशवाहक मोटरसाइकिल और कारों से हाईवे और ग्रामीण रास्तों से होते हुए उनके गुप्त ठिकाने तक पहुंचते हैं। जवाब भी इसी सुरक्षित तरीके से भेजे जाते हैं।

मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए थे- रिपोर्ट 

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हमले में मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन मानसिक रूप से पूरी तरह सक्रिय हैं। उनके चेहरे को नुकसान पहुंचा है और उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ी। मेडिकल जानकारी के अनुसार, उनकी एक टांग पर तीन बार ऑपरेशन हो चुका है और अब कृत्रिम पैर (प्रोस्थेटिक) की जरूरत है। उनका घायल हाथ धीरे-धीरे ठीक हो रहा है। चेहरे और होंठों की चोट के कारण उन्हें बोलने में भी दिक्कत हो रही है।

राष्ट्रपति समेत बड़े अफसर खामेनेई के इलाज में शामिल

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, जोकि पेशे से हार्ट सर्जन हैं, और देश के स्वास्थ्य मंत्री उनके इलाज में सीधे तौर पर शामिल हैं। बताया गया है कि वह अपने गुप्त स्थान पर ज्यादातर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से घिरे रहते हैं। इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए मोजतबा खामेनेई के X अकाउंट से पोस्ट किया गया, जिसमें “दुश्मन के मीडिया ऑपरेशन” की आलोचना की गई और कहा गया कि ऐसी खबरें देश की एकता और राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करने के लिए फैलाई जा रही हैं।

'Strait of Hormuz' को लेकर गतिरोध जारी

यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच 'तनावपूर्ण युद्धविराम' बना हुआ है। हालांकि, Strait of Hormuz को लेकर गतिरोध जारी है। कूटनीतिक प्रयास भी ठप पड़े हैं, क्योंकि दूसरी दौर की वार्ता शुरू नहीं हो सकी। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने पाकिस्तान में प्रस्तावित वार्ता में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया, क्योंकि वह अपने परमाणु अधिकारों पर अड़ा हुआ है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.