होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में भारतीय नाविकों वाले जहाज में आग, सभी 24 सुरक्षित
नई दिल्ली: बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्ल्यू) ने सोमवार को पुष्टि की कि एमटी मेरिवेक्स नामक जहाज में होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में आग लगने की घटना हुई है। जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। पश्चिम एशिया की स्थिति पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में शिपिंग डिवीजन के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्राप्त हुई थी।
उन्होंने कहा, "हमें जो प्रारंभिक जानकारी मिली है, उसके अनुसार सभी भारतीय नाविक फिलहाल सुरक्षित हैं।" ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि मंत्रालय भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, विदेशों में भारतीय मिशनों, भारतीय नौसेना और रक्षा मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है।
सटीक जानकारी जुटाने और जांच का काम जारी- ओपेश कुमार
ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि मंत्रालय जहाज के मालिकों से भी संपर्क में है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ओमान स्थित भारतीय मिशन से भी लगातार समन्वय किया जा रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या जहाज किसी प्रोजेक्टाइल या मिसाइल की चपेट में आया था, तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी सटीक जानकारी जुटाई जा रही है और जांच जारी है।
जहाज पर केवल भारतीय नाविक ही सवार थे
ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से काफी दक्षिण में और सुरक्षित दूरी पर था। यह एक तेल टैंकर है, लेकिन घटना के समय इसमें कोई कार्गो नहीं था और यह बैलेस्ट स्थिति में चल रहा था। जहाज पर केवल भारतीय नाविक ही सवार थे। शर्मा ने बताया कि महानिदेशालय शिपिंग (डीजी शिपिंग) के कंट्रोल रूम ने सक्रिय होने के बाद से अब तक 12,020 कॉल और 26,832 से अधिक ईमेल संभाले हैं। पिछले 96 घंटों में नाविकों, उनके परिवारों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से 390 कॉल और 968 ईमेल प्राप्त हुए हैं।
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी
निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि मंत्रालय अब तक 3,506 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कर चुका है, जिनमें पिछले 96 घंटों में लौटे 32 नाविक भी शामिल हैं। इस बीच, फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि ओमान तट के पास जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों ने तत्काल सहायता की मांग की है। इसके जवाब में ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि उसने जहाज पर मौजूद नाविकों से सीधा संपर्क स्थापित कर लिया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।