14 ऊंची चोटियों पर फहराया था तिरंगा, अब Broad Peak Avalanche में निर्मल पुर्जा का निधन...

मशहूर पर्वतारोही निर्मल 'निम्म्सदाई' पुर्जा की Broad Peak पर हुए भीषण हिमस्खलन में मौत हो गई। Nimsdai Foundation ने उनके निधन की पुष्टि की है। हादसे में अभियान दल के अन्य सदस्यों की भी जान गई।

By  Preeti Kamal August 1st 2026 07:00 PM -- Updated: August 1st 2026 06:03 PM

लंदन/ काठमांडू: मशहूर नेपाली मूल के पर्वतारोही निर्मल 'निम्म्सदाई' पुर्जा (Nirmal 'Nimsdai' Purja) की पाकिस्तान के Broad Peak पर हुए भीषण हिमस्खलन (Avalanche) में मौत हो गई। निम्म्सदाई फाउंडेशन ने शनिवार को उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की।

निम्म्सदाई फाउंडेशन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि Broad Peak पर हुए हिमस्खलन के बाद निर्मल पुर्जा की मौत की पुष्टि हुई है। फाउंडेशन ने अभियान में शामिल अन्य सदस्यों की मौत की भी पुष्टि की है। फाउंडेशन ने पुर्जा के अलावा उनके भरोसेमंद क्लाइंबिंग पार्टनर्स और गाइड्स Pur Bahadur Gurung (Yukta) और Nima Sherpa को भी श्रद्धांजलि दी। फाउंडेशन ने मृतकों के परिवारों और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की।

पर्वतारोहण की दुनिया में बनाई अलग पहचान

निर्मल पुर्जा को दुनिया के सबसे चर्चित और रिकॉर्ड बनाने वाले पर्वतारोहियों में गिना जाता था। उन्होंने दुनिया की सभी 14 आठ हजार मीटर से ऊंची चोटियों (14 Eight-thousanders) को बेहद कम समय में फतह कर पर्वतारोहण की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी।

उनकी उपलब्धियों ने दुनिया भर के पर्वतारोहियों और युवाओं को प्रेरित किया। निम्म्सदाई फाउंडेशन ने कहा कि पुर्जा की पहचान सिर्फ उनकी असाधारण उपलब्धियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह लोगों को बड़े सपने देखने और अपनी सीमाओं को चुनौती देने के लिए प्रेरित करते थे।

8,047 मीटर ऊंचे Broad Peak पर हुआ हादसा

यह हादसा पाकिस्तान के Broad Peak पर हुआ, जिसकी ऊंचाई करीब 8,047 मीटर है। रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 6,600 मीटर की ऊंचाई पर 10 सदस्यीय अभियान दल चढ़ाई कर रहा था, तभी भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ गया। हिमस्खलन से पहले अभियान दल का संपर्क टूट गया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर राहत और खोज अभियान शुरू किया गया। खराब मौसम और बेहद कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य में भी मुश्किलें आईं।

दुनिया ने खोया एक असाधारण पर्वतारोही

निम्म्सदाई फाउंडेशन ने कहा कि दुनिया ने पर्वतारोहण के क्षेत्र के एक महान पर्वतारोही को खो दिया है। फाउंडेशन के मुताबिक, पुर्जा की दूरदृष्टि, नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से कई संस्थाएं और प्रोजेक्ट खड़े हुए। फाउंडेशन ने कहा कि निर्मल पुर्जा की विरासत उन तमाम लोगों के जरिए आगे जीवित रहेगी, जिन्हें उन्होंने प्रेरित किया और जिनकी जिंदगी पर उनका प्रभाव पड़ा।

निम्म्सदाई फाउंडेशन ने यह भी कहा कि सभी संबंधित परिवारों के सम्मान में वह आधिकारिक तौर पर पुष्टि की गई जानकारी के अलावा आगे कोई टिप्पणी नहीं करेगा। निर्मल 'निम्म्सदाई' पुर्जा की उपलब्धियां और उनका साहस पर्वतारोहण की दुनिया में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.