पीएम मोदी ने मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में टेका माथा, पुनर्विकास की रखी आधारशिला; सिख विरासत को मिलेगा नया स्वरूप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेककर पुनर्विकास की आधारशिला रखी। 1901 में स्थापित इस गुरुद्वारे का आधुनिकीकरण वैश्विक सिख विरासत के संरक्षण और भारत-फिलीपींस सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देगा।
मनीला, फिलीपींस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका और इसके पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी। एक सदी से अधिक पुराने इस गुरुद्वारे का आधुनिकीकरण भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर पांच प्यारों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे में पहुंचकर आशीर्वाद लिया और सिख समुदाय की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
1901 में हुई थी गुरुद्वारे की स्थापना
मनीला का गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इसकी स्थापना 1901 में हुई थी, जबकि 1903 में इसे औपचारिक रूप से संगठित किया गया। वर्ष 1924 में इसे खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया।
यह गुरुद्वारा लंबे समय से मनीला में भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपींस के स्थानीय समाज के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामुदायिक सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
पांच मंजिला आधुनिक परिसर में बदलेगा गुरुद्वारा
पुनर्विकास परियोजना के तहत गुरुद्वारे को आधुनिक सुविधाओं से युक्त पांच मंजिला परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है। गुरुद्वारा कमेटी के अनुसार, प्रस्तावित परिसर का कुल क्षेत्रफल लगभग 10,000 वर्ग मीटर होगा। इसमें पार्किंग, सामुदायिक कार्यक्रमों, धार्मिक गतिविधियों और लंगर के लिए अलग-अलग स्थान बनाए जाएंगे।
योजना के मुताबिक, पहली और दूसरी मंजिल पर पार्किंग, तीसरी मंजिल पर सामुदायिक एवं समारोह हॉल, चौथी मंजिल पर लंगर हॉल और पांचवीं मंजिल पर मुख्य गुरुद्वारा स्थापित होगा। परियोजना पर लगभग 305 मिलियन फिलीपीन पेसो खर्च होने का अनुमान है और इसे करीब दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सिख समुदाय के प्रति सम्मान और विरासत संरक्षण का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी का गुरुद्वारे में मत्था टेकना और पुनर्विकास परियोजना की शुरुआत करना उनके 'विकास भी, विरासत भी' के दृष्टिकोण से जोड़कर देखा जा रहा है। इस पहल को दुनिया के विभिन्न देशों में बसे सिख समुदाय की धार्मिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के प्रयास के रूप में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस संदर्भ में करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस और अफगानिस्तान से संकट के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को सम्मानपूर्वक भारत लाने की व्यवस्था जैसी पहलों का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा कनाडा और ईरान में गुरुद्वारों में प्रधानमंत्री के दर्शन तथा बैंकॉक में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर स्मारक सिक्के जारी करने को सिख विरासत के प्रति सम्मान के उदाहरणों के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
"यह हमारी गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता है"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास की आधारशिला रखने के समारोह में शामिल होने पर बीजेपी नेता तरुण चुघ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेकना और उसके पुनर्विकास की आधारशिला रखना, सिख गुरुओं की महान परंपरा और सिख समुदाय के प्रति उनके गहरे सम्मान, श्रद्धा और स्नेह का प्रमाण है। यह केवल एक धार्मिक स्थल के पुनर्विकास की पहल नहीं है, बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता भी है।"
वैश्विक सिख समुदाय और भारत के सांस्कृतिक संबंध
दुनियाभर में पंजाबी और सिख समुदाय ने अपनी मेहनत, ईमानदारी, सेवा और समर्पण से अलग पहचान बनाई है। विदेशों में गुरुद्वारे केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, भाषा, परंपराओं और सामुदायिक एकजुटता को जीवित रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
दोनों देशों के बीच संबंधों को मिलेगी मज़बूती
मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारे का पुनर्विकास इसी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क संबंधों को भी मजबूती प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा संदेश देता है कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत किसी भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं है। विदेशों में बसे भारतीयों और सिख समुदाय की आस्था, पहचान और विरासत का सम्मान भी भारत के सांस्कृतिक जुड़ाव का महत्वपूर्ण हिस्सा है।