'Go back to India' नारों की अमेरिकी सांसद ने की निंदा, बोले- 'किसी के खिलाफ नफरत स्वीकार नहीं'
अमेरिका में भारतीय समुदाय को लेकर नस्लीय टिप्पणियों का मुद्दा पहले भी चर्चा में रहा है। मई में भारत दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस विषय पर प्रतिक्रिया दी थी। नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में रुबियो ने कहा था कि भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां करने वाले लोग “मूर्खतापूर्ण बातें” करते हैं और ऐसे बयान अमेरिका के मूल्यों का प्रतिनिधित्व नहीं करते।
वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने टेक्सास (Texas) के एक सिटी हॉल के बाहर लगाए गए नस्लीय और श्वेत वर्चस्ववादी नारों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत और भेदभाव का अमरीका में कोई स्थान नहीं है। डेमोक्रेट सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कुछ सप्ताह पहले टेक्सास के एक सिटी हॉल के बाहर श्वेत वर्चस्ववादियों ने 'Go back to India' (भारत वापस जाओ) और 'You will not replace us' (तुम हमारी जगह नहीं ले सकते) जैसे नारे लगाए थे।
उन्होंने कहा, “चाहे यह नफरत हिंदुओं, मुसलमानों, यहूदियों या किसी अन्य समुदाय के खिलाफ हो, अमरीका में इसकी कोई जगह नहीं है। हमें कट्टरता, पूर्वाग्रह और भेदभाव के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना होगा।”
भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों पर पहले भी उठे सवाल
अमरीका में भारतीय समुदाय को लेकर नस्लीय टिप्पणियों का मुद्दा पहले भी चर्चा में रहा है। मई में भारत दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस विषय पर प्रतिक्रिया दी थी। नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में रुबियो ने कहा था कि भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां करने वाले लोग “मूर्खतापूर्ण बातें” करते हैं और ऐसे बयान अमरीका के मूल्यों का प्रतिनिधित्व नहीं करते।
‘कुछ लोग सोशल मीडिया पर बेवकूफी भरी बातें करते हैं’
मार्को रुबियो ने बाद में अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा था कि वह मुख्य रूप से सोशल मीडिया पर की जाने वाली टिप्पणियों की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ पोस्ट ट्रोल्स या बॉट्स द्वारा भी किए जा सकते हैं। रुबियो ने कहा, “लोग सोशल मीडिया पर हर समय बेवकूफी भरी बातें करते हैं। दुर्भाग्य से यह केवल किसी एक देश तक सीमित नहीं है।”
अमरीका को बताया प्रवासियों का स्वागत करने वाला देश
अमेरिकी विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि अमरीका आज भी दुनिया भर से आने वाले प्रवासियों का स्वागत करने वाला देश है और कुछ व्यक्तियों की आपत्तिजनक टिप्पणियों को पूरे देश की सोच के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। राजा कृष्णमूर्ति और मार्को रुबियो, दोनों नेताओं के बयानों को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रति समर्थन और अमरीका में विविधता तथा समावेशिता के पक्ष में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है।