डोनाल्ड ट्रंप की ईरान-इजरायल से अपील, 'तुरंत बंद करें गोलीबारी'

By  Preeti Kamal June 8th 2026 03:49 PM

वॉशिंगटन, तेल अवीव: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और इजरायल-ईरान के बीच फिर शुरू हुई सैन्य झड़पों के बीच अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों से तुरंत संघर्ष रोकने की अपील की है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, "इजरायल और ईरान को तुरंत गोलीबारी बंद करनी चाहिए।"

सीजफायर के बाद सोमवार को इजरायल और ईरान के बीच फिर से हमले और जवाबी हमले हुए, जिससे पूरे मध्य पूर्व में व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की आशंका बढ़ गई है। 8 अप्रैल को युद्धविराम लागू होने के बाद यह दोनों देशों के बीच पहली बड़ी सैन्य भिड़ंत मानी जा रही है। इस बीच, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर हमले की जिम्मेदारी ली है। यमन स्थित हूती समूह ने दावा किया कि उसने इजरायल को निशाना बनाया और चेतावनी दी कि लाल सागर में इजरायल से जुड़े जहाज फिर से उनके निशाने पर होंगे।

रविवार को बिना पूर्व चेतावनी के हुए थे हवाई हमले

तनाव उस समय और बढ़ गया जब इजरायल ने रविवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में बिना पूर्व चेतावनी के हवाई हमले किए। इसके बाद तेहरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी और फिर दोनों पक्षों के बीच मिसाइल हमलों का दौर शुरू हो गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द नहीं संभले तो यह संघर्ष पूरे क्षेत्र को एक बड़े युद्ध की ओर धकेल सकता है, जिसका असर वैश्विक सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.