वेनेजुएला में दोहरे भूकंप से भारी तबाही, 32 लोगों की मौत, 700 से ज्यादा घायल

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने पूरे देश में स्कूलों और गैर-जरूरी गतिविधियों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। जिन लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं या रहने लायक नहीं बचे हैं, उनके लिए होटल और राहत शिविर खोले गए हैं। डेल्सी रोड्रिगेज़ ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि वेनेजुएला इस त्रासदी से मिलकर उबर जाएगा।

By  Preeti Kamal June 25th 2026 02:56 PM

काराकस, वेनेजुएला: वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि राहत एवं बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में डेल्सी रोड्रिगेज़ ने कहा कि सरकार का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य लोगों की जान बचाना है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।

'मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी है'

राष्ट्रीय जोखिम प्रबंधन प्रणाली (एसएनजीआर) और नागरिक सुरक्षा प्रणाली की आपात बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए रोड्रिगेज़ ने बताया कि राहत दल ढही हुई इमारतों और मकानों के मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारा सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण लक्ष्य लोगों की जान बचाना है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा तंत्र पूरी क्षमता के साथ मलबे में फंसे लोगों को बचाने में जुटा हुआ है।"

तटीय राज्य 'ला गुआइरा' सबसे अधिक प्रभावित

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने बताया कि तटीय राज्य ला गुआइरा इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। वहां दर्जनों इमारतें धराशायी हो गई हैं और पूरा इलाका आपदा क्षेत्र में तब्दील हो गया है। उन्होंने कहा, "ला गुआइरा राज्य इस अभूतपूर्व भूकंपीय घटना से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां कई इमारतें ढह गई हैं और बचाव दल जीवन बचाने के लिए कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं।"

डेल्सी रोड्रिगेज़ ने किया अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार व्यक्त

रोड्रिगेज़ ने इस त्रासदी को "वास्तविक आपदा" बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। इस बीच, वेनेजुएला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मदद मिल रही है। डेल्सी रोड्रिगेज़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी सरकार का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लगातार संपर्क बनाए रखा है और सहायता का प्रस्ताव दिया है।

उन्होंने बताया कि आने वाले घंटों और दिनों में डोमिनिकन गणराज्य, अल सल्वाडोर, मेक्सिको और कतर से बचाव दल वेनेजुएला पहुंचेंगे। वहीं, चीन ने मानवीय सहायता की पेशकश की है, जबकि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा और कई कैरेबियाई देशों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार अब तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 700 से अधिक घायल विभिन्न सरकारी एवं निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। हालांकि ला गुआइरा से अभी और आंकड़े आने बाकी हैं।

देश में स्कूलों और गैर-जरूरी गतिविधियां अस्थायी रूप से निलंबित

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने पूरे देश में स्कूलों और गैर-जरूरी गतिविधियों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। जिन लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं या रहने लायक नहीं बचे हैं, उनके लिए होटल और राहत शिविर खोले गए हैं। डेल्सी रोड्रिगेज़ ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि वेनेजुएला इस त्रासदी से मिलकर उबर जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दुख की घड़ी जरूर है, लेकिन पूरी दुनिया से मिल रहा समर्थन और संवेदना देश को नई ताकत दे रही है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.