मुंबई: नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर दुनियाभर में रिलीज कर दिया गया। करीब 4 मिनट 9 सेकंड लंबे ट्रेलर में भगवान राम और रावण के बीच धर्म और अधर्म की लड़ाई की भव्य झलक देखने को मिलती है।

ट्रेलर में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) भगवान राम की भूमिका में और यश (Yash) रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में बड़े पैमाने पर एक्शन, भावनात्मक कहानी और अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है।

रावण के रूप में यश की दमदार एंट्री

ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण से होती है। रावण अंधेरे से निकलकर एक भव्य महल की ओर बढ़ता है और तीनों लोकों पर अपने शासन की घोषणा करता नजर आता है। इसके बाद कहानी भगवान विष्णु के पृथ्वी पर अयोध्या के राजकुमार राम के रूप में अवतार लेने की ओर बढ़ती है। राम के पिता राजा दशरथ की भूमिका में अरुण गोविल (Arun Govil) दिखाई देते हैं।

ट्रेलर में सोने की तरह चमकती अयोध्या के भव्य दृश्य भी दिखाए गए हैं। इसके बाद राम और सीता के विवाह की झलक मिलती है, जिसमें साई पल्लवी (Sai Pallavi) सीता की भूमिका निभा रही हैं।

14 साल के वनवास से बदल जाती है कहानी

ट्रेलर का भावनात्मक हिस्सा तब सामने आता है जब राम अपनी सौतेली मां कैकेयी की मांग स्वीकार करते हैं और 14 वर्ष के वनवास पर निकल जाते हैं। उनके साथ भाई लक्ष्मण भी जाते हैं, जिनकी भूमिका रवि दुबे (Ravie Dubey) निभा रहे हैं। ट्रेलर में शूर्पणखा के प्रसंग और सीता हरण की झलक भी दिखाई गई है। इसके बाद कहानी एक बड़े युद्ध की तरफ बढ़ती है, जिसमें विशाल सेनाएं, पौराणिक जीव और जबरदस्त तलवारबाजी दिखाई गई है। ट्रेलर के आखिर में राम का दमदार संवाद सुनाई देता है, 'अगर रावण तीनों लोकों का राजा है, तो तीनों लोक उसके अंत के साक्षी बनेंगे।'

हॉलीवुड स्तर के VFX और भव्य विजुअल्स

‘रामायण: पार्ट 1’ के विजुअल इफेक्ट्स को ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG ने तैयार किया है। ट्रेलर में लंका के विशाल दृश्य, युद्ध के मैदान और पौराणिक दुनिया को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है।

फिल्म के संगीत को भी खास बनाया गया है। इसमें दिग्गज भारतीय संगीतकार ए.आर. रहमान (A.R. Rahman) और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हंस जिमर (Hans Zimmer) ने साथ काम किया है। दोनों का संगीत ऑर्केस्ट्रल धुनों और पारंपरिक आध्यात्मिक संगीत का मिश्रण है।

ग्लोबल मंच पर राम की कहानी ले जाने का लक्ष्य

दिल्ली में हुए ट्रेलर प्रीमियर के दौरान यश ने फिल्म को भारत का सपना बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म से जुड़े सभी लोगों का उद्देश्य भगवान राम की कहानी को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना और देश में भी उन्हें सेलिब्रेट करना है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा (Namit Malhotra) ने किया है। यह फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है और इसकी कहानी प्राचीन महाकाव्य रामायण से प्रेरित है। फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल (Sunny Deol) हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसके दूसरे भाग को दिवाली 2027 के दौरान रिलीज किए जाने की उम्मीद है।