कोलकाता, पश्चिम बंगाल: अभिनेता अनुपम खेर ने रविवार को पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य से कोलकाता में मुलाकात की। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष कार्यालय द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दोनों को बातचीत करते और मुलाकात के दौरान विचार-विमर्श करते देखा गया।
इससे पहले अनुपम खेर ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में दर्शन कर मां काली का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए इस आध्यात्मिक अनुभव को विशेष बताया।
VIDEO | Actor Anupam Kher meets West Bengal BJP President Samik Bhattacharya in Kolkata.(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/07Rm2fzMkF
— Press Trust of India (@PTI_News) June 28, 2026
भारत की खूबसूरती प्राचीन मंदिरों में भी है- अनुपम खेर
अनुपम खेर ने लिखा, "जय मां काली! सदियों से आस्था, उम्मीद, प्रार्थनाओं और भावनाओं के साक्षी रहे किसी पवित्र स्थल पर खड़े होने का अनुभव बेहद सुकून देने वाला होता है। आज मुझे कालीघाट काली मंदिर में मां काली का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला। मैंने शक्ति, कृतज्ञता और आप सभी के स्वास्थ्य, सुख और शांति के लिए प्रार्थना की।"
उन्होंने भारत की आध्यात्मिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि भारत की खूबसूरती केवल उसकी विविधता में ही नहीं, बल्कि उन प्राचीन मंदिरों में भी है जहां पीढ़ियों से लोग श्रद्धा के साथ आते हैं और नई आस्था लेकर लौटते हैं। अनुपम खेर ने मंदिर दर्शन में सहयोग के लिए हलदार परिवार का भी आभार व्यक्त किया।
26 सालों में बंगाली सिनेमा में वापसी की घोषणा
इस दौरान अभिनेता ने 26 वर्षों बाद निर्माता के रूप में बंगाली सिनेमा में वापसी की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अनुपम खेर स्टूडियो और निर्माता फिरदौसुल हसन की कंपनी फ्रेंड्स कम्युनिकेशन मिलकर नई बंगाली फिल्म 'शुरू थेके शुरू' का निर्माण करेंगे। इस फिल्म से लेखक-निर्देशक शमिक बनर्जी निर्देशन की शुरुआत करेंगे।
मीडिया से बातचीत में अनुपम खेर ने कहा कि उनकी पिछली बंगाली फिल्म 'बाड़ीवाली' थी, जिसका निर्देशन ऋतुपर्णो घोष ने किया था और जिसमें किरण खेर मुख्य भूमिका में थीं। उन्होंने कहा, "26 साल बाद अनुपम खेर स्टूडियो फिर से एक बंगाली फिल्म बना रहा है। इसके अलावा कोलकाता में एक एक्टिंग स्कूल स्थापित करने की भी योजना है। मुख्यमंत्री ने भी हमारे नए प्रोजेक्ट के लिए शुभकामनाएं दी हैं। बंगाल से हमने सिनेमा, संगीत और साहित्य के क्षेत्र में बहुत कुछ सीखा है।"
Add GTC Bharat on Google