Logo

'आसमान' तो किसी ने कहा 'सुरों की माँ', आशा ताई को फिल्मी सितारों ने कुछ यूँ याद किया...

By: GTC Bharat Desk  |  Edited By: Preeti Kamal  |  Updated at: April 13th 2026 01:03 AM

'आसमान' तो किसी ने कहा 'सुरों की माँ', आशा ताई को फिल्मी सितारों ने कुछ यूँ याद किया...
'आसमान' तो किसी ने कहा 'सुरों की माँ', आशा ताई को फिल्मी सितारों ने कुछ यूँ याद किया...

मुंबई, महाराष्ट्र: रविवार का दिन एक ऐसी खबर के साथ शुरू हुआ जिससे शायद ही कोई अनजान रहा हो। संगीत की दुनिया का एक ऐसा जगमगाता  सितारा जिसने अपनी चमक से सिनेमा जगत को रोशन किया, वो अब हमारे बीच नहीं रहा। दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। 

संगीत प्रेमियों ने अपने-अपने अंदाज़ में अपनी संवेदनाएं और भावनाएं व्यक्त की। राजनीतिक गलियारे से लेकर सिनेमा जगत में आशा ताई के निधन की ख़बर ने सबको आहत कर दिया। आशा ताई के बेटे आनंद भोसले ने रविवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया था कि सोमवार को का शाम के 4 बजे शिवाजी पार्क उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।  

आशा भोसले को IPL मैच के दौरान याद किया गया

मुंबई और बेंगलुरु के बीच होने वाले आईपीएल 2026 मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम में एक मिनट का मौन रखा गया। ये मौन आशा ताई की याद में था। दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे स्टेडियम और ब्रॉडकास्टर्स ने लेजेंडरी सिंगर को इस पल याद किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अदनान ने 'सुरों वाली मां' को किया याद

अदनान सामी ने आशा भोसले को याद करते हुए उन्हें सुरों वाली मां कहा.  कई तस्वीरें शेयर कर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की और लिखा- मेरी सुरों वाली मां अब इस दुनिया से चली गई हैं. “इन आंखों की मस्ती” का वो नूर बुझ गया है, और “कभी तो नजर मिलाओ” अब आत्मा की विदाई पर कही गई आखिरी दुआ सा लगता है। जिस आवाज ने मां की गोद बनकर मुझे संभाला, आज वो खामोश है. लेकिन हर धुन में आज भी उनका हाथ मेरे सिर पर महसूस होता है- और हमेशा होता रहेगा. कभी-कभी दिल “खुदा हाफिज” कहने को भी नहीं करता।

सोनू निगम ने किया आशा भोसले को याद

सोनू निगम ने आशा भोसले को याद किया। उन्होंने अपनी कुछ अनदेखी और यादगार तस्वीरें साझा की हैं। इसमें वो आशा भोसले के पैरों को छूते दिखाई दे रहे हैं। एक फोटो में तो सोनू खुशी-खुशी आशा जी के पैरों को पानी से धो रहे हैं।

आशा भोसले को मिस करेंगे शाहरुख खान

शाहरुख खान ने आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा- आशा ताई के निधन की खबर को सुनकर बेहद दुख हुआ। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा के मजबूत स्तंभों में से एक रही है और आने वाली सदियों तक दुनिया भर में गूंजती रहेगी. वो ऐसी प्रतिभा थीं, जो समय से कहीं आगे तक जिंदा रहेगी। उन्होंने हमेशा मुझे आशीर्वाद और प्यार दिया, मैं उन्हें बहुत मिस करूंगा. आशा ताई, आपकी आत्मा को शांति मिले… आपसे बहुत प्यार है।

आशा भोसले के निधन से दुखी संजय दत्त

संजय दत्त को भी आशा भोसले के निधन से तगड़ा झटका लगा है। संजय दत्त ने आशा भोसले संग अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर करके उन्हें श्रद्धांजलि दी है और अपना दुख जाहिर किया है।

आज एक आसमान ने ये ज़मीन छोड़ दी- मनोज मुंतशिर

मनोज मुंतशिर ने आशा भोसले के निधन पर दुख जताते हुए लिखा- 'कुछ लोग यूं बुलंद थे कि दास्तान हो गए…पैदा हुए ज़मीन पर और आसमान हो गए” आज एक आसमान ने ये ज़मीन छोड़ दी। आप बहुत याद आयेंगी ताई।

आशा भोसले की सुरीली आवाज हमेशा अमर रहेगी- अक्षय कुमार

आशा भोसले के निधन से अक्षय कुमार को भी गहरा सदमा लगा है। उन्होंने पोस्ट शेयर करके अपना दुख बयां किया है। अक्षय ने लिखा- आशा जी के निधन से मुझे जो दुख पहुंचा है. उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उनकी सुरीली आवाज हमेशा हमेशा के लिए अमर रहेगी।

सिंगर जुबिन नौटियाल ने जताया दुख

आशा भोसले के निधन से हर किसी को तगड़ा झटका लगा है। बॉलीवुड के फेमस सिंगर जुबिन नौटियाल ने भी पोस्ट शेयर करके दुख जताया है।

आशा जी जैसी सिर्फ एक ही हो सकती हैं- जेमी लीवर

जॉनी लीवर की बेटी कॉमेडियन जेमी लीवर जो आशा भोसले की नकल के लिए जानी जाती हैं, उन्होंने दुख जाहिर किया. सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा- मेरा दिल बहुत भारी है ये लिखते हुए। मैं हमेशा से उनकी कला की बहुत बड़ी प्रशंसक रही हूं।"

इसके आगे उन्होंने लिखा, "अपने सफर के दौरान मैं उनकी आवाज और अंदाज से बहुत प्रेरित हुई। उनकी गायकी से मैं इतनी प्रभावित थी कि मैं खुद-ब-खुद उनकी तरह गाने की कोशिश करने लगी। लोग मेरी आवाज की समानता (इमिटेशन) को पसंद करते हैं, लेकिन सच तो यही है कि आशा जी जैसी सिर्फ एक ही हो सकती हैं।"

आशा जी, आपका संगीत हमेशा जिंदा रहेगा- करण जौहर

फिल्म मेकर करण जौहर ने लिखा- ये कहना कि हमने आज एक लेजेंड को खो दिया, बहुत छोटा होगा. आशा जी जैसी कोई दूसरी नहीं थी- उनकी आवाज सिर्फ एक पीढ़ी ही नहीं, बल्कि पूरे सिनेमा के दौर को परिभाषित करती थी। मैं हमेशा से उनकी आवाज, उनकी कला और उनकी शख्सियत का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। आशा जी, आपका संगीत हमेशा जिंदा रहेगा और हम खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि हमें आपका जादू महसूस करने का मौका मिला।

रवीना टंडन ने भी आशा भोसले को याद किया और कहा कि ये क्षति कभी भर नहीं सकती।

पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है- हेमा मालिनी

बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा हेमा मालिनी आशा ताई को याद किया और लिखा कि आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं! मुझे विश्वास ही नहीं हो रहा कि इतनी जीवंत, अपने गीतों में इतनी जान और रंग भरने वाली शख्सियत हमें शोक में छोड़कर चली गईं।

मेरे लिए यह विशेष रूप से कठिन है क्योंकि आशा जी से मेरा एक भावनात्मक जुड़ाव था - उन्होंने अपनी अनूठी आवाज और शैली से मेरे कई गीतों को इतना लोकप्रिय बनाया।"

इसके आगे हेमा मालिनी ने लिखा, "लता जी और आशा जी दोनों से मेरा एक विशेष रिश्ता था, जिन्होंने फिल्म उद्योग में मेरी तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती!"

काजोल ने आशा ताई की सराहना करते हुए याद किया

आशा ताई एक महान हस्ती थीं, हैं और हमेशा रहेंगी... एक गायिका के रूप में, एक व्यक्तित्व के रूप में और एक इंसान के रूप में... मुझे उनमें सब कुछ पसंद था... जीवन के प्रति उनका प्यार, खाने के प्रति उनका प्यार, उनका हास्यबोध और बेशक उनका पहला प्यार... उनका गायन! उनके गाए गीतों में हमेशा एक अलग ही व्यक्तित्व झलकता था और हम अभिनेता हमेशा कैमरे के सामने वो भाव व्यक्त करने में नाकाम रहते थे जो वो अपनी आवाज़ में व्यक्त कर सकती थीं। 

इसके आगे काजोल ने लिखा, "मुझे याद है, मैं उनके एक गाने की रिकॉर्डिंग के लिए गई थी जो कभी रिलीज़ नहीं हुआ। मैं 19 साल की थी और वो कमाल की थीं! उन्होंने उस साधारण धुन को जिस तरह से पेश किया, वो किसी फिल्म को देखने जैसा था... मैंने उनसे तब कहा था कि अगर मैं उस गाने में उनके द्वारा दी गई प्रतिभा का दसवां हिस्सा भी दे पाऊं, तो मैं एक महान अभिनेत्री बन जाऊंगी... उन्हें बयां करने के लिए बस एक ही शब्द आता है - शानदार। अब और हमेशा के लिए! RIP @asha.bhosle... आप हमेशा हमारे लिए आशाताई रहेंगी।"

अभिनेता कमल हासन ने भी सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो के माध्यम से दिग्गज गायिका आशा भोसले को याद किया।

आशा ताई की मधुर आवाज हमेशा हमारे साथ रहेगी

आज हमारे बीच से सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि एक एहसास हमसे बहुत दूर चला गया है। लेकिन खुशकिस्मती यह है कि आशा ताई के जाने के बाद भी उनकी मधुर आवाज, उनके गाए गीत हमेशा हमारे साथ रहेंगे।