मुंबई, महाराष्ट्र: अभिनेता जैकी श्रॉफ की फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। Zee Studios और अहमदाबाद फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को बचपन की कल्पनाओं और एलियन आक्रमण की दुनिया में ले जाता है। ट्रेलर में ‘शक्तिमान’, ‘करण अर्जुन’ और ‘जादू’ जैसे लोकप्रिय पॉप-कल्चर रेफरेंस देखने को मिलते हैं, जो फिल्म को नॉस्टैल्जिक अंदाज देते हैं।
फिल्म का निर्देशन मनीष सैनी ने किया है। फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी, शरत सक्सेना, मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोर्गे और कुमार सौरभ भी नजर आएंगे।
बच्चों के सपनों को हमेशा प्राथमिकता मिलनी चाहिए- जैकी श्रॉफ
फिल्म को लेकर उत्साहित जैकी श्रॉफ ने प्रेस नोट में कहा, “द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ के जरिए हम हर बच्चे का सपना पूरा कर रहे हैं। अगर आपका जज्बा जवान रहे और 90 साल की उम्र तक आपकी रीढ़ मजबूत रहे, तो वही आपको सुपरहीरो बनाता है। बच्चों के सपनों को हमेशा प्राथमिकता मिलनी चाहिए।”
फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
यह फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बीच, जैकी श्रॉफ हाल ही में ग्रेटर नोएडा में आयोजित 5वीं नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 ओपन में भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा, “जिंदगी में हमेशा बिंदास रहो। इन खिलाड़ियों का जुनून देखकर मैं भावुक हो गया हूं।”
उन्होंने पैरास्पोर्ट्स को ज्यादा समर्थन देने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, “मैं हर साल यहां आकर इन खिलाड़ियों का समर्थन करना चाहता हूं। बड़ी कंपनियों को भी आगे आकर इन्हें स्पॉन्सर करना चाहिए।”
Add GTC Bharat on Google