मुंबई, महाराष्ट्र: निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'The Bengal Files' पिछले वर्ष सितंबर में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन पश्चिम बंगाल में इसे रिलीज नहीं किया गया। बताया जाता है कि तत्कालीन ममता बनर्जी सरकार के दौरान फिल्म पर अनौपचारिक प्रतिबंध लगा हुआ था। हालांकि, राज्य में सरकार बदलने और बीजेपी की बड़ी चुनावी जीत के बाद फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल को उम्मीद है कि फिल्म जल्द ही पश्चिम बंगाल में रिलीज हो सकेगी।

मीडिया से बातचीत में अभिषेक अग्रवाल ने कहा, "मैंने नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को एक अनुरोध पत्र भेजा है और उनसे पहले फिल्म देखने का आग्रह किया है। हमें उम्मीद है कि फिल्म देखने के बाद वे इसके रिलीज प्रक्रिया को लेकर मार्गदर्शन देंगे और औपचारिक रिलीज कार्यक्रम आयोजित किया जा सकेगा। हमें जल्द ही बंगाल में फिल्म की रिलीज की उम्मीद है।"

फिल्म की रिलीज को लेकर कई कठिनाइयों का किया सामना

अभिषेक अग्रवाल ने दावा किया कि बंगाल में फिल्म पर कथित रूप से लगाए गए अनैतिक प्रतिबंध के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।उन्होंने कहा, "हमें बंगाल में शूटिंग की अनुमति नहीं दी गई। रिसर्च के दौरान भी आवश्यक अनुमति प्राप्त करने में दिक्कतें आईं। हमारे खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गईं, जिनमें से कई अभी भी लंबित हैं। फिल्म पर मेरी नजर में अनैतिक प्रतिबंध लगाया गया। जब हमने थिएटर मालिकों से बात की तो उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के कारण वे फिल्म नहीं दिखा सकते। लेकिन कोई फिल्म कानून-व्यवस्था कैसे बिगाड़ सकती है? अगर सच दिखाने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होती, तो ऐसा पूरे देश में होता।"

विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की थी पोस्ट

इसी महीने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को रोका गया, उन पर हमले हुए, कई एफआईआर दर्ज की गईं और उन्हें बंगाल में कार्यक्रमों से दूर रखा गया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चुनाव के दौरान फिल्म को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखा। 'द बंगाल फाइल्स' में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं।