कोटा: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी के मामले में कोटा सिटी पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, आरोपियों को कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन से तकनीकी जानकारी और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि तीनों राजस्थान की सीमा पार कर विदेश भागने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में यात्रा करते समय पकड़ा गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि वे दिल्ली पहुंचकर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। मामले की आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सूचना दे दी गई है।
कौन हैं पकड़े गए तीनों आरोपी?
कोटा पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान रेहान उर्फ सुक्का, ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर और एक नाबालिग के रूप में हुई है। रेहान उर्फ सुक्का हरियाणा के सोनीपत स्थित ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है और उसकी उम्र 18 वर्ष बताई गई है। दूसरा आरोपी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर 22 वर्ष का है। वह बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराही का निवासी है और फिलहाल मुंबई के अंधेरी पश्चिम में रह रहा था। तीसरे आरोपी को नाबालिग होने के कारण हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन के निकास द्वारों, प्लेटफॉर्म और अन्य स्थानों पर निगरानी रखी गई थी। सुबह करीब 9:45 बजे आरोपियों के कोटा से गुजरने की सूचना मिली, जिसके बाद विशेष टीम ने कार्रवाई की।
दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की थी योजना
एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की योजना बनाई थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सर्किल अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसी को मामले की जानकारी दे दी गई है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Kota, Rajasthan: On the firing incident targeting actor Tiger Shroff in Mumbai, Kota SP Tejaswini Gautam says, “Their intention was to travel further via Delhi and escape to Nepal, as they have stated during preliminary questioning. No, Kota City Police was informed, and by the time we received the information, the train had already moved ahead. So, within just 15 to 20 minutes, we assembled, conducted a briefing, deployed teams and rounded them up. I would certainly congratulate my entire team for this. On behalf of the Director General and all our senior officers, I would also like to congratulate the entire team, including our RPF personnel, mainly Kota City Police and one personnel from our AGTF..."
— IANS (@ians_india) October 19, 2026
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े व्यक्ति के संपर्क में था रेहान
एसपी गौतम ने यह भी बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी रेहान पहले अनिल पंडित के संपर्क में रहा था। अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी बताया गया है, जिसके अमेरिका से गतिविधियां संचालित करने का संदेह है। हालांकि, इस संपर्क और गोलीबारी की घटना के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आरोपियों से उनकी भूमिका, संभावित संपर्कों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में पूछताछ कर रही है।
हथियार अभी बरामद नहीं, मुंबई पुलिस करेगी पूछताछ
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। आरोपियों से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। कोटा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद मुंबई पुलिस को सूचना दी है। अब मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया मुंबई पुलिस की ओर से की जाएगी।
रविवार शाम जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर चली थीं गोलियां
मुंबई पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर कथित तौर पर गोलियां चलाई गईं। अभिनेता को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन घटना में उनके चालक को चोटें आईं। गोलीबारी के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब कोटा में तीन संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद पुलिस वारदात की पूरी कड़ी, आरोपियों की भूमिका और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
Add GTC Bharat on Google