मुंबई, महाराष्ट्र: The Hollywood Reporter India की दूसरी ‘वुमन इन एंटरटेनमेंट पावर लिस्ट 2026’ में फिल्म इंडस्ट्री की कई प्रभावशाली महिलाओं ने शिरकत की। यह कार्यक्रम फिल्म, टेलीविजन, संगीत, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नए मीडिया में काम करने वाली महिलाओं का सम्मान करने के लिए आयोजित किया गया था। इस इवेंट में गुनीत मोंगा, किरण राव, सोनम बाजवा, नितांशी गोयल और सयानी गुप्ता सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
महिलाओं के लिए इस तरह की पहचान के महत्व पर बात करते हुए निर्माता गुनीत मोंगा ने कहा कि अभी भी संख्या कम है और ज्यादा समर्थन की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हर साल करीब 2,500 फिल्में बनती हैं, लेकिन उनमें से 7 प्रतिशत से भी कम फिल्मों का निर्देशन महिलाएं करती हैं। ऐसे में इस तरह की पहचान बेहद जरूरी है, ताकि ज्यादा महिलाओं को अवसर मिल सकें।”
Here’s a glance at 50 of the most powerful and influential women that help shape the entertainment industry as we know it. #THRIndia’s #WomenInEntertainment Power List 2026 is in partnership with De Beers Group India. pic.twitter.com/M0TopSHjjp
— The Hollywood Reporter India (@THRIndia_) March 25, 2026
कई हस्तियों ने साझा किए अपने अनुभव
अभिनेत्री सोनम बाजवा ने इस सूची में शामिल होने पर खुशी जताई और फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता पर भी बात की। उन्होंने कहा, “मेरे लिए इस लिस्ट में शामिल होना बहुत बड़ी बात है।” फिल्म ‘लापता लेडीज’ से प्रसिद्ध नितांशी गोयल ने कहा कि यह इवेंट महिलाओं का जश्न मनाने के लिए है और आज यहां कई प्रेरणादायक महिलाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सिनेमा में कहानी, किरदार और फिल्म निर्माण के स्तर पर काफी बदलाव आया है।
फिल्ममेकर किरण राव ने इंडस्ट्री में आए बदलावों पर बात करते हुए कहा कि अब पहले के मुकाबले ज्यादा महिलाएं अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा, “जब मैंने शुरुआत की थी, तब सेट पर बहुत कम महिलाएं होती थीं। आज 25 साल बाद, हमारे पास महिला निर्देशक, निर्माता, सिनेमैटोग्राफर, लेखक और संगीतकार हैं। यह बदलाव आगे भी जारी रहेगा।”
अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है- अभिनेत्री सयानी गुप्ता
अभिनेत्री सयानी गुप्ता ने कहा कि बदलाव जरूर आया है, लेकिन अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है। उन्होंने कहा, “चीजें बदली हैं, लेकिन जितना बदलाव होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ। अभी बहुत सुधार की जरूरत है, लेकिन ऐसे आयोजन उम्मीद देते हैं कि भविष्य में और मौके मिलेंगे।” इस कार्यक्रम में कलाकारों, फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने हिस्सा लिया और उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जो इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही हैं और दूसरों के लिए नए रास्ते खोल रही हैं।