भुवनेश्वर, ओडिशा: ओडिशा की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंत्राय ने सोमवार को बीजू जनता दल (BJD) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक को संबोधित अपने इस्तीफे पत्र में उन्होंने राज्यसभा के लिए नामित किए जाने और अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा के मुद्दे उठाने का अवसर देने के लिए आभार जताया।

अपने पत्र में सामंत्राय ने लिखा, “मैं आज यानी 25 मई को बीजेडी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। मुझे राज्यसभा भेजने के लिए मैं आपका हमेशा आभारी रहूंगा। आपने मुझे अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा के मुद्दे उठाने का अवसर दिया, इसके लिए मैं आपका हृदय से धन्यवाद करता हूं।”

"पार्टी ने मुझे नज़रअंदाज़ किया, छोटा महसूस कराया"

सामंत्राय ने आगे लिखा, “मैंने हमेशा पार्टी के हित में खुद को समर्पित किया और पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ काम किया। लेकिन हाल के समय में मुझे पार्टी में लगातार नजरअंदाज और छोटा महसूस कराया गया। मुझे लगता है कि अब पार्टी को मेरी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। इसलिए मैंने जनहित में यह कठिन फैसला लिया है और आपसे मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।”

बीजेडी के विकेट एक-एक कर गिर रहे हैं- रबींद्र नारायण बेहरा

सामंत्राय के इस्तीफे और उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर बीजेपी नेता रबींद्र नारायण बेहरा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ओडिशा में बीजेडी के विकेट एक-एक कर गिर रहे हैं। बीजेडी का शासन ‘दबंगई’ वाला था, सुशासन नहीं। पार्टी में लोग घुटन महसूस कर रहे थे। अब भाजपा की डबल इंजन सरकार आई है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम हो रहा है। यही वजह है कि आज देबाशीष सामंत्राय ने इस्तीफा दिया है।”

बीजेपी में शामिल होने की संभावना पर बेहरा ने कहा, “पार्टी जो भी फैसला करेगी, हम उसके साथ हैं। अगर पार्टी उन्हें शामिल करने का निर्णय लेती है, तो हम उनका स्वागत करेंगे।”