नई दिल्ली: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने पुलिसकर्मियों से भीड़ को नियंत्रित करते समय संयम बरतने और न्यूनतम बल का इस्तेमाल करने की अपील की है। वहीं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लगभग 23,000 जवानों को दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए उपलब्ध कराया गया है।

मधुर वर्मा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "तूफान के लिए तैयार रहें। संयम बरतें। शांति की रक्षा करें। क्योंकि पुलिस की असली ताकत सिर्फ भीड़ को नियंत्रित करने में नहीं, बल्कि अनुशासन, गरिमा और न्यूनतम बल के साथ ऐसा करने में है।" यह अपील ऐसे समय आई है, जब दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं।