पुणे, महाराष्ट्र: केतन अग्रवाल हत्याकांड में पीड़ित के पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर मामले की त्वरित जांच और जल्द न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि बेटे की हत्या और उसके महज 20 दिन बाद अपने पिता के निधन ने पूरे परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
राष्ट्रपति सचिवालय को भेजे गए ईमेल में विशाल अग्रवाल ने अनुरोध किया कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहा, बल्कि केवल समय पर न्याय चाहता है। उन्होंने लिखा, "मैं यह ईमेल दर्द और उम्मीद से भरे दिल के साथ लिख रहा हूं। मैं किसी कारोबारी या प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि अपने बेटे के लिए न्याय मांगने वाले एक पिता के रूप में लिख रहा हूं।"
पोते की मौत का सदमा दादा बर्दाश्त नहीं कर सके, परिवार बिखर गया- केतन के पिता
अपने परिवार की पीड़ा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनके पिता अपने पोते केतन अग्रवाल की मौत का सदमा सहन नहीं कर सके। पत्र में उन्होंने लिखा, "केतन को खोने के सिर्फ 20 दिन बाद मैंने अपने पिता को भी खो दिया। वह अपने पोते से बेहद प्यार करते थे और उसकी मौत का दुख सहन नहीं कर पाए। सिर्फ 20 दिनों में मैंने अपना बेटा और अपने पिता दोनों को खो दिया। हमारा परिवार पूरी तरह बिखर गया है।"
Ketan Agarwal murder case: Vishal Agarwal, the father of the victim, Ketan Agarwal, has written to President Droupadi Murmu seeking a fast-tracked investigation and speedy justice in his son's murder case. In the letter, he said that the family has been devastated by the loss of… pic.twitter.com/McqaRetHYO
— IANS (@ians_india) July 9, 2026
सुनवाई जल्द पूरी हो, दोषियों को मिले कड़ी सज़ा- केतन के पिता
केतन के पिता ने मांग की कि मामले की सुनवाई जल्द से जल्द पूरी की जाए और दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने लिखा, "हम किसी विशेष व्यवहार की मांग नहीं कर रहे हैं। हम केवल चाहते हैं कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो, ताकि जल्द न्याय मिल सके। न्याय में देरी हमारे जैसे परिवारों का दर्द और बढ़ा देती है।"
इस केस के पीछे एक ऐसा परिवार है, जिसने सब कुछ खो दिया- केतन के पिता
राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की अपील करते हुए विशाल अग्रवाल ने कहा, "कृपया मेरे बेटे के मामले को सिर्फ एक फाइल बनकर मत रहने दीजिए। इस केस के पीछे एक ऐसा परिवार है जिसने सब कुछ खो दिया है।" गौरतलब है कि 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की कथित तौर पर उनकी मंगेतर सिया और उसके दोस्त व कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी ने हत्या कर दी थी। मामले की जांच फिलहाल जारी है।
Add GTC Bharat on Google