असम: असम विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग आज हो रही है। चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद (एजेपी) अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक, 35 जिलों के 31,490 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

कुल 2.50 करोड़ मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं

कुल 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं। कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 90 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एआईयूडीएफ 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि राजग की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्रमशः 26 और 11 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं।

विपक्ष के अलावा, 258 निर्दलीय भी मैदान में 

विपक्षी खेमे में राइजोर दल 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद 10 सीटों पर, माकपा तीन सीटों पर और एपीएचएलसी दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य दलों में आप 18 सीटों पर, यूपीपीएल (18), तृणमूल कांग्रेस (22), झामुमो 16 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

केरल में सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई

केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई। सुबह नौ बजे तक राज्य में 16 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका था। इस बार केरल चुनाव में 883 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 375 राष्ट्रीय दलों से, 81 राज्य की पार्टियों से, 145 गैर-पंजीकृत दलों से और 282 निर्दलीय उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। 

पुडुचेरी में 30 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान जारी है

पुडुचेरी में 30 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान जारी है। सुबह सात बजे शुरू हुई वोटिंग में मतदाता उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार मतदान प्रतिशत 2021 के रिकॉर्ड को पार कर सकता है। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। मतदाता अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

पूरे प्रदेश में कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए

पूरे प्रदेश में कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां गुरुवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी जवाहर ने बताया कि प्रशासन ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पुडुचेरी के कलेक्टर ए कुलुथुंगन ने कहा कि लोग बड़े उत्साह के साथ वोट डालने आ रहे हैं। सुबह-सुबह ही मतदाताओं की भारी भीड़ देखना सुखद है। मतदान शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोल की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई थी।