मोहाली, पंजाब: मोहाली के नए मेयर सरबजीत सिंह समाना ने शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए कमान संभाल ली है। इस संबंध में मेयर समाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने आज नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों के साथ एक विशेष बैठक की।

बैठक के दौरान मोहाली के चहुंमुखी विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सभी जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना गया। मेयर सरबजीत सिंह समाना ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि सभी अधिकारी और पार्षद शहर के विकास को लेकर पूरी गंभीरता और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मेयर सरबजीत सिंह समाना ने किया सभी का धन्यवाद

मेयर सरबजीत सिंह समाना ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपसी सहयोग, बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयासों के जरिए मोहाली को पंजाब का सबसे सुंदर और आदर्श शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम की टीम और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। इस बैठक की तस्वीरें भी मेयर सरबजीत सिंह समाना ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की हैं, जिन्हें लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद

गौरतलब है कि हाल ही में मोहाली की कमान सरबजीत सिंह समाना के हाथों में आई है और वह शहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। बैठक में विशेष रूप से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह, मेयर सरबजीत सिंह समाना, वरिष्ठ डिप्टी मेयर आर.पी. शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना सहित कई पार्षद और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।