लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के पास दुनिया की सबसे युवा कार्यशक्ति है, जो प्रतिभाशाली और ऊर्जावान है। उन्होंने कहा कि इस युवाशक्ति को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि उत्तर प्रदेश में 24,000 से अधिक स्टार्टअप युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को अवसर देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार सहयोग कर रही है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उभरती तकनीकों (Emerging Technologies) को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे भविष्य के लिए तैयार क्षेत्रों में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है।

युवा प्रतिभा को अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्टअप को प्रोत्साहन देकर उत्तर प्रदेश नई तकनीकों और आधुनिक उद्योगों के केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उत्तर प्रदेश स्टार्टअप पॉलिसी के अंतर्गत 107 Startups को हम विभिन्न प्रोत्साहनों से जोड़ रहे हैं। साथ ही, 9 Incubators को भी प्रोत्साहन का लाभ मिल रहा है। आज इसी पॉलिसी के अंतर्गत हम 12 नए Incubators को भी मान्यता प्रदान कर रहे हैं।

युवा आबादी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की युवा आबादी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए उन्हें बेहतर प्लेटफॉर्म, अवसर और आवश्यक सहयोग मिले। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं।