नई दिल्ली: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल के बीच ताजा सैन्य टकराव के बीच भारत सरकार ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। भारत ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद लोगों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। 

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा कि क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय नागरिक ईरान की यात्रा न करें। साथ ही जो भारतीय वर्तमान में ईरान में हैं, उन्हें उपलब्ध किसी भी परिवहन माध्यम से तुरंत वहां से निकलने की सलाह दी गई है।

ईरान-इजरायल के बीच हमलों का नया दौर शुरू

यह सलाह ऐसे समय में जारी की गई है जब ईरान और इजरायल के बीच मिसाइल हमलों का नया दौर शुरू हो गया है। ईरान द्वारा उत्तरी इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के कुछ घंटों बाद इजरायली वायुसेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पश्चिमी और मध्य ईरान में कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए।इजरायली रक्षा बल (IDF) ने कहा कि उसकी वायुसेना ने ईरानी शासन से जुड़े सैन्य लक्ष्यों को निशाना बनाया है।

बेरूत में कई विस्फोटों की खबरें आई सामने

इस बीच, बेरूत में भी कई विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं। वहीं, अमेरिकी विदेश विभाग ने जॉर्डन में मौजूद अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा कि जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में मिसाइल, ड्रोन या रॉकेट देखे जाने की रिपोर्ट मिली है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों पर नजर रखने को कहा गया है।

तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए बातचीत का मौका देना चाहिए

इसी दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कथित तौर पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान के हमले का तत्काल जवाब न देने और कूटनीतिक प्रयासों को और समय देने का आग्रह किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप का मानना है कि तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए बातचीत को मौका दिया जाना चाहिए। ईरान का कहना है कि उसका मिसाइल हमला बेरूत में हुए इजरायली हमले के जवाब में किया गया था। वहीं इजरायल ने इसे अपनी सुरक्षा के खिलाफ हमला बताते हुए जवाबी कार्रवाई की है।