नई दिल्ली, भारत: जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी दो दिवसीय भारत दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान वे क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ भी बैठक करेंगे।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, विदेश मंत्री मोतेगी आज नई दिल्ली पहुंचेंगे और शाम को हैदराबाद हाउस में एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। मंगलवार को वह क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे और संयुक्त प्रेस बयान भी जारी करेंगे।

भारत, राष्ट्रीय राजधानी में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की मेजबानी करेगा

इसके बाद मोतेगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सेवा तीर्थ में मुलाकात करेंगे। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की बदलती सुरक्षा स्थिति और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चर्चा के लिए भारत राष्ट्रीय राजधानी में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की मेजबानी करने जा रहा है।

उच्चस्तरीय बैठक 26 मई को आयोजित होगी

भारत, अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के समूह क्वाड की यह उच्चस्तरीय बैठक 26 मई को आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। एस. जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर होगा विचार-विमर्श

‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ के क्वाड विजन के तहत मंत्री जुलाई 2025 में वॉशिंगटन डीसी में हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे। बैठक में क्वाड सहयोग के प्राथमिक क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा, विभिन्न पहलों पर चर्चा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सहित अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।