नई दिल्ली, भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रीय राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में बैठक हुई। राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग 30 मई से 2 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है।
राष्ट्रपति के रूप में यू मिन आंग ह्लाइंग की यह पहली भारत यात्रा है। उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख उद्योगपतियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इससे पहले रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की थी।
#WATCH | Delhi | Prime Minister Narendra Modi meets Myanmar President U Min Aung Hlaing at Hyderabad House. This marks Hlaing's first visit to India in his current capacity as the President.(Source: DD) pic.twitter.com/b5LflsRVxB
— ANI (@ANI) June 1, 2026
राष्ट्रपति से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने म्यांमार के राष्ट्रपति से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की थी। उन्होंने भारत और म्यांमार के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में राष्ट्रपति के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।
दोनों देशों के बीच समृद्धि के लिए साझेदारी को नई गति मिलेगी
एस. जयशंकर ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग की बैठक को लेकर आशान्वित हैं, जिससे दोनों देशों के बीच शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए साझेदारी को नई गति मिलेगी। भारत पहुंचने से पहले राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग ने बिहार के बोधगया का दौरा किया। वहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में दर्शन किए। यह बौद्ध धर्म का प्रमुख तीर्थस्थल और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। विदेश मंत्रालय ने भारत और म्यांमार के बीच गहरे सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को रेखांकित करते हुए इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
Add GTC Bharat on Google