GTC Bharat: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने एक बार फिर संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सऊदी अरब, बहरीन और जॉर्डन के शीर्ष नेतृत्व से टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने बातचीत में हालिया हमलों की निंदा की और उन्हें क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि भारत हर तरह के आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ है तथा निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।

 श्री मोदी ने सऊदी अरब पर हालिया हमलों की निंदा करते हुए उन्हें उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भारत सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करने वाले हालिया हमलों की कड़ी निंदा करता है। हमने सहमति व्यक्त की कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जल्द से जल्द बहाली अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने इन कठिन परिस्थितियों में भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए श्री सलमान का आभार भी व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा से भी टेलीफोन पर बातचीत की। बहरीन पर हुए हमलों की निंदा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस कठिन समय में भारत वहां की जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने देश में भारतीय समुदाय को निरंतर समर्थन देने के लिए बहरीन के राजा का धन्यवाद किया।

प्रधानमंत्री ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय से भी बातचीत की और क्षेत्र की बदलती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। श्री मोदी ने शांति, सुरक्षा और जॉर्डन की जनता के कल्याण के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इस कठिन समय में जॉर्डन में भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए राजा का आभार व्यक्त किया।