वॉशिंगटन डीसी, अमरीका: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी की घटना में त्वरित कार्रवाई करने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों और सीक्रेट सर्विस अधिकारियों का धन्यवाद किया। इस मुठभेड़ में हमलावर मारा गया। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि आरोपी का हिंसक इतिहास रहा था और वह देश की सबसे महत्वपूर्ण इमारतों में से एक व्हाइट हाउस को लेकर जुनूनी मानसिकता रखता था।
उन्होंने लिखा, “हमारी महान सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का धन्यवाद, जिन्होंने व्हाइट हाउस के पास एक बंदूकधारी के खिलाफ बेहद तेज और पेशेवर कार्रवाई की। उसका हिंसक अतीत था और संभवतः वह हमारे देश की सबसे प्रिय इमारत के प्रति जुनूनी था। व्हाइट हाउस गेट्स के पास सीक्रेट सर्विस एजेंट्स के साथ हुई गोलीबारी में वह मारा गया।”
“हमारे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा इसकी मांग करती है”
ट्रंप ने कहा कि यह घटना व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी के एक महीने बाद सामने आई है और इससे यह स्पष्ट होता है कि भविष्य के सभी राष्ट्रपतियों के लिए वॉशिंगटन डीसी में अब तक का सबसे सुरक्षित और संरक्षित परिसर बनाया जाना कितना जरूरी है। उन्होंने कहा, “हमारे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा इसकी मांग करती है।”
संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के रूप में हुई
सीबीएस न्यूज के अनुसार, इस गोलीबारी में मारे गए संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के रूप में हुई है। जांच से जुड़े एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि वह पिछले लगभग 18 महीनों से वॉशिंगटन डीसी में रह रहा था।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जुलाई 2025 में नसीरे बेस्ट का अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के साथ पहले भी सामना हो चुका था, जब उसने कथित तौर पर व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश की थी। उस समय सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया था। सीबीएस न्यूज के मुताबिक, उस घटना के बाद मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उसे मनोरोग वार्ड में भेजा गया था।

संदिग्ध को जवाबी कार्रवाई में गोली मारी गई
इस बीच, शनिवार रात (स्थानीय समयानुसार) व्हाइट हाउस के पास स्थित सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट पर गोलीबारी करने के बाद संदिग्ध को जवाबी कार्रवाई में गोली मार दी गई। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संदिग्ध चेकपॉइंट के पास पहुंचा, बैग से हथियार निकाला और अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
एक राहगीर के घायल होने की भी खबर है
सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना में एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हुआ, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे संदिग्ध की गोली लगी या अधिकारियों की जवाबी फायरिंग में चोट आई। फिलहाल उसकी स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने अपने बयान में कहा, “शनिवार शाम करीब 6 बजे 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकालकर गोलीबारी शुरू कर दी।”
Add GTC Bharat on Google