वॉशिंगटन डीसी, अमरीका: अमरीका में दोनों प्रमुख दलों के सांसदों के एक समूह ने GUARD Act (Guarding the US Against Adversarial Robotics Dominance Act) नामक एक नया विधेयक पेश किया है। इस प्रस्तावित कानून के तहत चीन और अन्य प्रतिद्वंद्वी देशों में बने रोबोट्स की राष्ट्रीय सुरक्षा समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनके अमरीका में आयात पर प्रतिबंध लगाया जा सकेगा।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की House Select Committee on China के अनुसार, यह विधेयक समिति के अध्यक्ष John Moolenaar, Jay Obernolte और Jennifer McClellan द्वारा पेश किया गया है। जॉन मूलेनार ने कहा कि चीन में निर्मित रोबोट अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और अमेरिकी श्रमिकों के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं।
जासूसी के लिए इस्तेमाल हो सकती हैं प्रणालियां- जॉन मूलेनार
जॉन मूलेनार का आरोप है कि इन प्रणालियों में ऐसी कमजोरियां हो सकती हैं जिनका इस्तेमाल जासूसी के लिए किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि चीन की रोबोटिक्स तकनीक को अमेरिका में गहराई तक स्थापित होने देना खतरनाक साबित हो सकता है। विधेयक के समर्थकों का कहना है कि कुछ चीनी रोबोटिक्स कंपनियां, विशेष रूप से Unitree Robotics, भारी सरकारी सब्सिडी का लाभ उठाकर अपने उत्पाद बेहद कम कीमत पर बेच रही हैं। उनका दावा है कि इससे अमेरिकी रोबोटिक्स उद्योग को नुकसान पहुंच सकता है और चीन पर तकनीकी निर्भरता बढ़ सकती है।
A bipartisan group of lawmakers introduced legislation to block the importation of robots made in China, as experts sound the alarm over security risks from advanced robots made by U.S. rivals. https://t.co/J9wyIvKE0c
— The Washington Times (@WashTimes) June 4, 2026
संचार उपकरणों और सेवाओं को सुरक्षित रखना जरूरी
जे ओबरनोल्टे ने कहा कि जैसे-जैसे रोबोटिक्स अमेरिकी अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बन रही है, वैसे-वैसे इन प्रणालियों को संचालित करने वाले संचार उपकरणों और सेवाओं को सुरक्षित रखना जरूरी हो गया है। उनके अनुसार GUARD Act राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ घरेलू रोबोटिक्स नवाचार को भी बढ़ावा देगा। जेनिफर मैक्लेलन ने कहा कि अमरीका को चीन, रूस, ईरान और उत्तर कोरिया जैसे देशों से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों के प्रति सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जोखिम पैदा करने वाले उपकरणों को घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों से दूर रखा जाना चाहिए।
'प्रतिद्वंद्वी देशों में बने ह्यूमनॉइड रोबोट्स की जांच करनी होगी'
प्रस्तावित कानून के तहत अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को चीन जैसे प्रतिद्वंद्वी देशों में बने ह्यूमनॉइड और चार पैरों वाले (Quadruped) रोबोट्स की जांच करनी होगी। जिन रोबोट्स को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जाएगा, उन्हें Federal Communications Commission (FCC) की "कवर्ड लिस्ट" में डाल दिया जाएगा, जिसके बाद उनका अमेरिकी बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित हो जाएगा।
उत्पाद की एक वर्ष के भीतर समीक्षा होना ज़रुरी
विधेयक में यह भी प्रावधान है कि यदि किसी उत्पाद की एक वर्ष के भीतर समीक्षा नहीं होती है, तो उसे स्वतः ही FCC की कवर्ड लिस्ट में शामिल कर दिया जाएगा। इससे पहले भी जॉन मूलेनार और समिति के अन्य सदस्यों ने अमेरिकी प्रशासन को एक द्विदलीय पत्र भेजकर यूनिट्री रोबोटिक्स से जुड़े संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों को लेकर चिंता जताई थी। सांसदों ने कंपनी को अमेरिकी रक्षा विभाग की चीनी सैन्य कंपनियों की सूची, वाणिज्य विभाग की एंटिटी लिस्ट और FCC की कवर्ड लिस्ट में शामिल करने की मांग की थी।
Add GTC Bharat on Google