Logo

पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर: इराक, कुवैत और कतर में हमलों का दावा...

By: GTC Bharat Desk  |  Edited By: Preeti Kamal  |  Updated at: March 19th 2026 11:07 AM

पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर: इराक, कुवैत और कतर में हमलों का दावा...
पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर: इराक, कुवैत और कतर में हमलों का दावा...

तेहरान: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि इराक और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं और क्षेत्र में हमलों का दायरा बढ़ता जा रहा है।

इराक में अमेरिकी बेस पर ड्रोन हमला होने की भी खबर सामने आई है। ईरान के सरकारी चैनल Press TV के मुताबिक, उत्तरी इराक के एरबिल में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर आत्मघाती ड्रोन से हमला किया गया, जिससे कई विस्फोट हुए।

कुवैत में भी धमाकों की खबर

रिपोर्ट के अनुसार, कुवैत में भी एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर विस्फोट की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, इन हमलों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

हवाई हमले में एक की मौत, कई घायल

वहीं Al Jazeera ब्रेकिंग के अनुसार, इराक में एक पैरामिलिट्री बेस पर हुए हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

इजराइल की ओर दागी गई मिसाइलें

इस बीच Israel Defense Forces ने भी जानकारी दी कि ईरान की ओर से इजराइल पर मिसाइलें दागी गई हैं। सेना ने कहा कि खतरे को रोकने के लिए उसके डिफेंस सिस्टम सक्रिय हैं।

समुद्री क्षेत्र में भी बढ़ा खतरा

यूनाइटेड किंगडम समुद्री व्यापार संचालन (UKMTO) ने बताया कि उसे यूएई के खौर फक्कान के पास एक जहाज पर हमले की सूचना मिली है, जिसमें अज्ञात प्रोजेक्टाइल से आग लग गई।

इसके अलावा कतर के रास लफ्फान के पास भी एक अन्य जहाज को निशाना बनाए जाने की खबर है। हालांकि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं।

कतर के गैस इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला

तनाव के बीच कतर के रस लाफान औद्योगिक शहर (Ras Laffan Industrial City) में स्थित गैस सुविधाओं पर भी बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला हुआ, जिससे भारी नुकसान की खबर है। यह दुनिया की सबसे बड़ी एलएनजी (LNG) सुविधाओं में से एक है।

तीसरे सप्ताह में संघर्ष और तेज

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब तीसरे सप्ताह में पहुंच चुका है और अमेरिका-इजराइल तथा ईरान के बीच हमलों की तीव्रता बढ़ती जा रही है। इससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता और सुरक्षा चिंताएं गहरा गई हैं।