NSE बना दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा लिस्टेड एक्सचेंज, Nasdaq और HKEX को पछाड़ा

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) बाजार पूंजीकरण के आधार पर दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा सूचीबद्ध एक्सचेंज बन गया है। 59.7 अरब डॉलर के मार्केट कैप के साथ NSE ने Nasdaq और हांगकांग एक्सचेंज को पीछे छोड़कर नई उपलब्धि हासिल की है।

By  Preeti Kamal November 20th 2026 11:40 AM -- Updated: November 20th 2026 11:34 AM

नई दिल्ली: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) ने वैश्विक शेयर बाजार में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बाजार पूंजीकरण (Market Capitalisation) के आधार पर NSE दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा सूचीबद्ध एक्सचेंज बन गया है। इसने हांगकांग एक्सचेंज (HKEX) और अमेरिकी एक्सचेंज Nasdaq को पीछे छोड़ दिया है। सितंबर में शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद NSE के शेयरों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।

ताजा बाजार आंकड़ों के मुताबिक, NSE का बाजार पूंजीकरण करीब 59.7 अरब डॉलर यानी लगभग 5.56 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसके मुकाबले हांगकांग एक्सचेंज का मार्केट कैप 58.1 अरब डॉलर और Nasdaq का करीब 57.7 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

भारत की नौवीं सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनी बना NSE

दुनिया के सबसे बड़े सूचीबद्ध एक्सचेंजों की सूची में CME Group पहले स्थान पर है, जिसका बाजार पूंजीकरण 111.05 अरब डॉलर है। इसके बाद Intercontinental Exchange 95.5 अरब डॉलर के साथ दूसरे, Deutsche Börse करीब 65 अरब डॉलर के साथ तीसरे और London Stock Exchange Group लगभग 60.3 अरब डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है।

रिपोर्ट दाखिल किए जाने के समय NSE के शेयर 2.18 प्रतिशत यानी 47.80 रुपये की बढ़त के साथ 2,236.10 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। इस कीमत पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 5.56 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इस उपलब्धि के साथ NSE भारत की नौवीं सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनी बन गया है। इसने कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को भी बाजार पूंजीकरण के मामले में पीछे छोड़ दिया है।

सितंबर में हुई थी शेयर बाजार में लिस्टिंग

NSE ने 24 सितंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लंबे इंतजार के बाद शेयर बाजार में अपनी शुरुआत की थी। इसके शेयर 1,785 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुए थे। लिस्टिंग के दिन शेयरों ने 1,876.70 रुपये का उच्च स्तर भी छुआ था। NSE का 22,561 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 से 21 सितंबर के बीच निवेशकों के लिए खुला था। इसे कुल 5.69 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) था, जिसके तहत मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी हिस्सेदारी बेची थी।

1992 में हुई थी NSE की स्थापना

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की स्थापना 1992 में हुई थी और इसने 1994 में अपना परिचालन शुरू किया। यह भारत का पहला इलेक्ट्रॉनिक स्टॉक एक्सचेंज बना था। NSE इक्विटी, डेट, करेंसी, कमोडिटी और डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग, क्लियरिंग और सेटलमेंट सेवाएं प्रदान करता है।

डेरिवेटिव्स बाजार में भी NSE की वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान है। NSE के अनुसार, Futures Industry Association के आंकड़ों के आधार पर वर्ष 2025 में यह ट्रेडिंग वॉल्यूम के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा डेरिवेटिव्स एक्सचेंज रहा। NSE का यह नया मुकाम भारतीय वित्तीय बाजार की बढ़ती वैश्विक ताकत को दर्शाता है। शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी के बाजार मूल्यांकन में आई तेजी ने इसे दुनिया के प्रमुख एक्सचेंजों की कतार में और मजबूत स्थान दिलाया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.