ट्रंप के बयान से शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स-निफ्टी 2% से ज्यादा गिरे...

By  Preeti Kamal April 2nd 2026 11:15 AM -- Updated: April 2nd 2026 10:06 AM

नई दिल्ली, भारत: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व संघर्ष पर दिए गए संबोधन के बाद निवेशकों की तीखी प्रतिक्रिया के चलते गुरुवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। BSE Sensex और NSE Nifty 50 दोनों ही खुलते ही 2 प्रतिशत से ज्यादा टूट गए, जिससे पिछले सत्र की राहत भरी तेजी खत्म हो गई।

सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 1,518.29 अंक या 2.08 प्रतिशत गिरकर 71,616.03 पर आ गया। वहीं निफ्टी 50 भी 462.50 अंक या 2.04 प्रतिशत गिरकर 22,216.90 पर पहुंच गया। इससे पहले निफ्टी 348 अंक और सेंसेक्स 1187 अंक चढ़कर बंद हुए थे। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, यह उतार-चढ़ाव मध्य पूर्व में संघर्ष के खत्म होने को लेकर किसी ठोस संकेत की कमी के कारण है।

ट्रंप के भाषण में कुछ नया नहीं-  बैंकिंग एक्सपर्ट 

मार्केट और बैंकिंग एक्सपर्ट अजय बग्गा ने कहा, "ट्रंप के भाषण में कुछ नया नहीं था, न ही युद्धविराम की कोई घोषणा हुई। ईरान को लेकर धमकियां दी गईं, और संकेत दिया गया कि 2-3 हफ्ते और सैन्य कार्रवाई जारी रह सकती है। निवेशकों को बड़ी घोषणा की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अमेरिकी और भारतीय फ्यूचर्स दोनों में गिरावट है और कच्चा तेल 105 डॉलर तक पहुंच गया है।"

युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है, स्थिरता बनी रहेगी

एक अन्य विशेषज्ञ विवेक करवा ने कहा कि बाजार इस भाषण को नकारात्मक रूप में ले रहा है। उन्होंने कहा, "कल की तेजी केवल वैल्यू बाइंग थी। युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है और बाजार में अस्थिरता बनी रहेगी। ट्रंप के भाषण के दौरान ही ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई क्रूड 103-105 डॉलर के करीब पहुंच गए। जब तक युद्ध खत्म होने का स्पष्ट संकेत नहीं मिलता, बाजार में सकारात्मक रुख नहीं आएगा।"

हालांकि हाल ही में बाजार में गैप-अप ओपनिंग देखने को मिली थी, लेकिन अल्पकालिक रुझान अभी भी कमजोर बना हुआ है। बाजार अब महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल्स का परीक्षण कर रहा है, जो इस सप्ताह की दिशा तय करेंगे।

बाजार के और गिरने के आसार

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान ने कहा, "ट्रेडर्स के लिए 22,500/72,500 और 22,250/72,000 अहम सपोर्ट जोन हैं। जब तक बाजार इन स्तरों के ऊपर रहता है, तब तक पुलबैक संभव है। वहीं 22,900-23,000/73,800-74,200 तत्काल रेजिस्टेंस रहेंगे। अगर बाजार 22,250/72,000 के नीचे जाता है, तो यह 22,100-22,000/71,500-71,200 तक गिर सकता है।"

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.