सोनम वांगचुक की रिहाई से लेकर धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक, CJP ने रखीं 3 मांगें...

CJP प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET अभ्यर्थियों के परिवारों को ₹1 करोड़ मुआवजे समेत तीन मांगें रखीं। वहीं, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़ी 12 वर्षीय लड़की पर हमले और दर्जनों लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के दावों को झूठा बताया।

By  Preeti Kamal July 20th 2026 06:45 PM -- Updated: July 20th 2026 06:00 PM

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को बताया कि पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा या उन्हें मंत्रिमंडल से हटाना और NEET अभ्यर्थियों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देना शामिल है।

सौरव दास और CJP नेता आशुतोष रांका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। दास ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने नड्डा से दो बार मुलाकात की और अपनी मांगों को विस्तार से उनके सामने रखा।

CJP की तीन प्रमुख मांगें

सौरव दास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पहली मांग है कि अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा किया जाए। उन्होंने कहा, “हमने जेपी नड्डा से मुलाकात की और अपनी तीन मांगें रखीं। पहली मांग है कि सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा किया जाए। दूसरी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए या उन्हें खुद इस्तीफा देना चाहिए। जब तक उनका इस्तीफा नहीं होता, हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।”

दास ने आगे कहा कि उनकी तीसरी मांग NEET अभ्यर्थियों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की है। उन्होंने दावा किया कि 20 से अधिक NEET अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा, “हम NEET अभ्यर्थियों के परिवारों के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग करते हैं। इन परिवारों में 20 से अधिक ऐसे हैं जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है।”

करीब चार घंटे तक नड्डा के आवास पर रहे प्रतिनिधिमंडल

CJP प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि प्रतिनिधिमंडल करीब चार घंटे तक जेपी नड्डा के आवास पर रहा। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या बर्खास्तगी समेत सभी मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रखी गईं। दास ने कहा कि मंत्री ने मांगों पर उचित स्तर पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रतिबद्धता नहीं की गई है। उन्होंने कहा, “शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी मांग पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे।”

जेपी नड्डा ने कहा- बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी। नड्डा ने कहा कि सोमवार सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया था। इसके बाद सुबह 11:50 बजे से बातचीत शुरू हुई और बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ शुरुआती मौखिक चर्चा विस्तार से हुई और शाम करीब 4 बजे उन्हें एक लिखित ज्ञापन सौंपा गया। जेपी नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने और प्रशासन को सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग करने की अपील भी की।

CJP के आरोपों को दिल्ली पुलिस ने बताया झूठा

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने CJP के प्रदर्शन के दौरान एक 12 वर्षीय लड़की के साथ कथित मारपीट और दर्जनों लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के दावों को खारिज कर दिया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों को “झूठी जानकारी” बताया और लोगों से भ्रामक सूचनाओं को साझा या बढ़ावा न देने की अपील की।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि गीतांजलि नाम की 12 वर्षीय लड़की के साथ मारपीट की गई, उसके बाल खींचे गए और उसके सिर में चोट लगी। साथ ही करीब 40 से 50 अन्य लोगों के सिर में गंभीर चोट लगने का भी दावा किया गया। पुलिस ने कहा कि ये दावे सही नहीं हैं और लोगों को ऐसी झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाने से बचना चाहिए।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.