डॉक्टर बनने का सपना अधूरा, इंदौर में NEET की तैयारी कर रही छात्रा का निधन, जांच शुरू...
परिवार का कहना है कि हाल के दिनों में अवंतिका मानसिक तनाव में दिखाई दे रही थीं। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। अवंतिका के पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य, जो खरगोन जिले के भीकनगांव में मेडिकल अधिकारी हैं, उन्होंने बताया कि पूरा परिवार उन्हें डॉक्टर बनते देखना चाहता था।
इंदौर, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के इंदौर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अवंतिका मौर्य के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से डॉक्टर बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए तैयारी कर रही थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अवंतिका मौर्य मूल रूप से धार जिले के बलवारी खुर्द की रहने वाली थीं और पिछले तीन वर्षों से इंदौर में अपनी बड़ी बहन डॉ. सपना मौर्य के साथ रहकर NEET की तैयारी कर रही थीं। अवंतिका के पिता ने अन्य NEET अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं जीवन का एक हिस्सा हैं और भविष्य में आगे बढ़ने के कई अवसर मिलते हैं।
अवंतिका का लक्ष्य डॉक्टर बनना था
परिजनों के अनुसार, अवंतिका पहले से फार्मेसी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं, लेकिन उनका लक्ष्य डॉक्टर बनना था। इसी उद्देश्य से वह लगातार मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थीं।घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार ने जताई मानसिक तनाव की आशंका
परिवार का कहना है कि हाल के दिनों में अवंतिका मानसिक तनाव में दिखाई दे रही थीं। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। अवंतिका के पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य, जो खरगोन जिले के भीकनगांव में मेडिकल अधिकारी हैं, उन्होंने बताया कि पूरा परिवार उन्हें डॉक्टर बनते देखना चाहता था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस कर रही है जांच
मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। भंवरकुआं थाने के SHO संतोष दूधी ने बताया, "गणेश नगर में रहने वाली एक छात्रा पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी कर रही थी। कल शाम मोबाइल पर बात करते हुए ऊपर जाते समय वह छत से गिर गई। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है कि यह हादसा था या आत्महत्या।"
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम हो चुका है और उसके मोबाइल की जांच की जा रही है ताकि पता चल सके कि उस समय वह किससे बात कर रही थी। वह कोचिंग ले रही थी और पहले भी NEET की परीक्षा दे चुकी थी। परिवार वालों ने बताया कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही थी और उन्हें आत्महत्या की किसी वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।