NEET UG 2026: 22.79 लाख छात्र आज देंगे परीक्षा, देशभर में 5,400 केंद्र तैयार...
नई दिल्ली, भारत: National Testing Agency (NTA) रविवार को देशभर और विदेशों में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) (UG) 2026 आयोजित कर रहा है। इस परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक उम्मीदवार 5,400 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर शामिल हो रहे हैं। दिव्यांग (PwD/PwBD) उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त समय जैसी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, वहीं परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।
NTA के अनुसार, “NEET (UG) 2026 का आयोजन आज दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे (IST) तक पेन-एंड-पेपर मोड में किया जा रहा है। दिव्यांग उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों के अनुसार शाम 6:00 बजे तक परीक्षा देने की अनुमति होगी।”
दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक NEET
परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,432 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। लगभग 22.79 लाख पंजीकृत उम्मीदवारों के साथ यह दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में 10 केंद्रों पर कुल 4,945 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद छात्र परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार करते नजर आए।
देशभर में मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए परीक्षा
यह परीक्षा देशभर में मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। कन्याकुमारी मेंकार्मेल हायर सेकेंडरी स्कूल, एसएलबी स्कूल और एसएमआरवी स्कूल (वडास्सेरी, नागरकोइल) सहित कई केंद्र बनाए गए हैं, जहां छात्र सुबह 10 बजे से ही पहुंचने लगे थे।
अपने परीक्षा केंद्रों में देशभर के स्टूडेंट्स पहुंचे
देश के विभिन्न हिस्सों जैसे अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर), जयपुर (राजस्थान) और कोयंबटूर (तमिलनाडु) में भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचते दिखाई दिए।