NEET-UG पेपर लीक पर संसद की स्थायी समिति की अहम बैठक आज

By  Preeti Kamal May 29th 2026 10:49 AM

नई दिल्ली: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद और CBSE कक्षा 12 पुनर्मूल्यांकन मामले के बीच संसद की सरकारी आश्वासन संबंधी स्थायी समिति शुक्रवार को शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ अहम बैठक करेगी। राज्यसभा सांसद एम. थंबीदुरई की अध्यक्षता वाली संसदीय स्थायी समिति की यह बैठक शुक्रवार सुबह 11 बजे संसद भवन एनेक्सी एक्सटेंशन बिल्डिंग में आयोजित होगी।

बैठक के दौरान समिति शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के निदेशक के विचार सुनेगी। इसके अलावा समिति स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव, नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के अध्यक्ष और CBI निदेशक के साथ भी चर्चा करेगी।

यह बैठक पेपर लीक मामले को लेकर बेहद महत्वपूर्ण

यह बैठक NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले और CBSE कक्षा 12 पुनर्मूल्यांकन विवाद के चलते काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसी बीच, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

CBI के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में लातूर के एक डॉक्टर और पुणे स्थित कोचिंग संस्थान के एक फैकल्टी सदस्य शामिल हैं। जांच एजेंसी ने बताया कि लातूर के डॉक्टर मनोज शिरुरे को तीन छात्रों को लीक हुए केमिस्ट्री प्रश्न उपलब्ध कराने में भूमिका निभाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

कोचिंग सेंटर संचालक का बेटा आरोपियों में शामिल

इन छात्रों में एक आरोपी कोचिंग सेंटर संचालक का बेटा भी शामिल है। वहीं, दूसरी गिरफ्तारी पुणे की डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी (APMA) के फिजिक्स फैकल्टी सदस्य तेजस हर्षदकुमार शाह की हुई है। CBI के मुताबिक उन्होंने गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवालदार से लीक हुए फिजिक्स प्रश्न हासिल किए थे।

पूरी साजिश और नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी

CBI ने कहा कि इस मामले में पूरी साजिश और नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। एजेंसी अब तक देशभर में 49 स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। CBI ने बताया कि यह मामला 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष जांच टीमें गठित की गईं और देशभर में कई जगहों पर छापेमारी व पूछताछ की गई।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.