NEET UG 2026: पेपर लीक से परेशान छात्रों के समर्थन में उतरे केजरीवाल
नई दिल्ली, भारत: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देशभर के सभी मुख्यमंत्रियों से 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम परीक्षा के लिए छात्रों को मुफ्त बस यात्रा सुविधा देने की अपील की है। एक्स पर साझा किए गए अपने वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा और बिहार सरकार की सराहना की, जिन्होंने पंजाब सरकार की तरह NEET अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा की घोषणा की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य राज्य भी छात्रों की मदद के लिए इसी तरह के कदम उठाएंगे।
केजरीवाल ने कहा, “मैं देश के सभी मुख्यमंत्रियों से अनुरोध करता हूं कि NEET री-एग्जाम के दिन अपने-अपने राज्यों में छात्रों के लिए मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराएं। कुछ दिन पहले हमारी पंजाब सरकार ने घोषणा की थी कि सभी छात्रों के लिए बस यात्रा मुफ्त होगी। अब हरियाणा और बिहार के मुख्यमंत्रियों ने भी इसकी घोषणा की है। मैं बाकी राज्यों से भी अपील करता हूं कि वे ऐसा करें। छात्र बहुत खुश होंगे।”
पेपर लीक से छात्रों में गहरा दुख है- केजरीवाल
केजरीवाल ने आगे कहा, “छात्र बहुत मेहनत कर रहे हैं। पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से वे दुखी हैं। अब उन्हें दोबारा परीक्षा देनी पड़ रही है। सभी छात्रों को मेरी शुभकामनाएं।” इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की थी कि NEET परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए पंजाब रोडवेज की बसों में 20, 21 और 22 जून को यात्रा मुफ्त रहेगी।
पंजाब में छात्रों के लिए बसों में कोई किराया नहीं- सीएम भगवंत मान
भगवंत मान ने एक्स पर लिखा था कि कई गरीब परिवारों के छात्र NEET परीक्षा देते हैं और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए किराया जुटाने में भी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा, “जब हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने NEET छात्रों से बात की, तब छात्रों ने मदद की मांग की थी। इसलिए पंजाब सरकार ने फैसला किया है कि NEET परीक्षा देने वाले सभी छात्रों के लिए पंजाब रोडवेज बसों में किराया माफ रहेगा। छात्र सिर्फ अपना एडमिट कार्ड दिखाएं और टिकट नहीं लगेगा।”
हरियाणा में भी छात्रों को बसों में नहीं देना होगा किराया
वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार NEET परीक्षा को लेकर पूरी तरह तैयार है और छात्रों के लिए मुफ्त रोडवेज बस सेवा समेत विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा, जो 3 मई को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की गई थी, उसे 12 मई को कथित पेपर लीक मामले के बाद रद्द कर दिया गया था। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,400 से अधिक केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था।