‘पुष्पा 2’ भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन को कोर्ट का समन, 22 जून को पेश होने के निर्देश

रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने अपनी कार की सनरूफ से बाहर निकलकर प्रशंसकों का अभिवादन किया था। इसी दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में रेवती नामक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे श्री तेजा को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

By  Preeti Kamal June 19th 2026 02:36 PM

हैदराबाद: तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान हुए संध्या थिएटर भगदड़ मामले में हैदराबाद की नांपल्ली अदालत ने समन जारी किया है। अदालत ने अभिनेता को 22 जून को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। यह समन 4 दिसंबर 2024 को हैदराबाद के संध्या थिएटर के बाहर हुई भगदड़ से जुड़े मामले की सुनवाई के तहत जारी किया गया है। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था।

अल्लू अर्जुन की कानूनी टीम ने पुष्टि करते हुए कहा कि नांपल्ली कोर्ट ने अभिनेता को सुनवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

चार्जशीट में आरोपी नंबर 11 हैं अल्लू अर्जुन

चिक्कडपल्ली पुलिस ने इस मामले में अल्लू अर्जुन को आरोपी संख्या 11 (A11) के रूप में नामजद किया है। वहीं संध्या थिएटर प्रबंधन को आरोपी संख्या 1 से 10 तक के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। पुलिस इस मामले में कुल 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जबकि अदालत ने 19 आरोपियों को समन जारी किया है।

कैसे हुआ था हादसा?

4 दिसंबर 2024 को फिल्म ‘पुष्पा 2’ के विशेष प्रीमियर के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक संध्या थिएटर के बाहर जमा हो गए थे। अभिनेता अल्लू अर्जुन के वहां पहुंचने की खबर मिलते ही भीड़ बेकाबू हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने अपनी कार की सनरूफ से बाहर निकलकर प्रशंसकों का अभिवादन किया था। इसी दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में रेवती नामक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे श्री तेजा को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पीड़ित परिवार को दी गई आर्थिक सहायता

घटना के बाद अल्लू अर्जुन और उनके परिवार ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की थी। अभिनेता के पिता और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अल्लू अरविंद ने रेवती के परिवार को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके। अब सभी की नजर 22 जून को होने वाली सुनवाई पर टिकी है, जहां इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर फैसला लिया जाएगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.