कोलकाता: भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन (Philip Green) ने हाल ही में महान फिल्मकार सत्यजीत रे के कोलकाता स्थित आवास का दौरा किया। इस खास मुलाकात को उन्होंने अपने लिए 'दुर्लभ सौभाग्य' बताया। सत्यजीत रे के बेटे और फिल्मकार संदीप रे के निमंत्रण पर पहुंचे ग्रीन ने भारतीय सिनेमा के इस महान कलाकार के प्रति अपनी पुरानी प्रशंसा भी जाहिर की।

फिलिप ग्रीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि 1980 के दशक में सिडनी फिल्म फेस्टिवल के दौरान उन्होंने पहली बार सत्यजीत रे की फिल्में देखी थीं। उन्होंने लिखा कि भारतीय उच्च संस्कृति से उनका पहला परिचय सत्यजीत रे की फिल्मों के जरिए हुआ था। ग्रीन ने आगे कहा कि वर्षों से सत्यजीत रे की कहानियों, भारत को दिखाने के उनके नजरिए, दृश्यों और सिनेमैटोग्राफी ने उन्हें काफी समृद्ध किया है और उन पर गहरी छाप छोड़ी है।

संदीप रे के साथ बातचीत की तस्वीरें साझा कीं

ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर ने सत्यजीत रे के घर पहुंचने के अनुभव को दुर्लभ सौभाग्य बताते हुए संदीप रे के गर्मजोशी भरे निमंत्रण के लिए उनका आभार जताया। साझा की गई तस्वीरों में फिलिप ग्रीन संदीप रे के साथ घर के अंदर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। कमरे में किताबें और कई पुरस्कार भी नजर आ रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने सत्यजीत रे की मशहूर फिल्मों 'पाथेर पांचाली' और 'देवी' के पोस्टर की तस्वीरें भी साझा कीं। ग्रीन ने यह भी बताया कि सत्यजीत रे की फिल्मों के पोस्टर उनके अपने घर की दीवारों पर भी लगे हुए हैं।

कौन थे सत्यजीत रे?

सत्यजीत रे का जन्म 1921 में कोलकाता में हुआ था। वह भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली फिल्मकारों में गिने जाते हैं। फिल्म निर्देशन के अलावा उन्होंने लेखन, चित्रण और संगीत के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। मानवीय संवेदनाओं और यथार्थवादी कहानी कहने की शैली ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'अपु ट्रिलॉजी', 'चारुलता', 'महानगर' और 'शतरंज के खिलाड़ी' शामिल हैं।

फिल्मों के अलावा उन्होंने साहित्य की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उनके लोकप्रिय किरदार फेलूदा और प्रोफेसर शोंकू आज भी पाठकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। उन्होंने बच्चों की पत्रिका 'संदेश' के माध्यम से भी साहित्य में योगदान दिया।

ऑस्कर और भारत रत्न समेत कई सम्मान मिले

सत्यजीत रे को उनके असाधारण योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। वर्ष 1984 में उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, 1987 में फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर और 1992 में मानद ऑस्कर से सम्मानित किया गया। इसी वर्ष उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी नवाजा गया।

सत्यजीत रे का सिनेमा आज भी दुनियाभर के फिल्मकारों और कलाकारों को प्रेरित करता है। ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर का उनके घर पहुंचना इस बात की एक और मिसाल है कि उनकी कला और विरासत का प्रभाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कितना गहरा है।