मुंबई, महाराष्ट्र: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और गौरी खान के बेटे आर्यन खान को TIME100 Next India के पहले कवर पर जगह मिली है। उनके साथ फिल्मकार पायल कपाड़िया और थेजा रियो भी इस कवर पर नजर आएंगे। तीनों को भारतीय सिनेमा की बदलती तस्वीर को आकार देने वाली उभरती प्रतिभाओं के रूप में पहचान दी गई है।

आर्यन खान ने नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ (The Ba***ds of Bollywood) से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। उन्हें मुख्यधारा के बड़े बजट वाले मनोरंजन को युवा दर्शकों की पसंद और समझ के अनुरूप पेश करने के अपने अलग अंदाज के लिए सराहना मिली है।

सूची में शामिल लोग देश को भविष्य को दे रहे हैं दिशा

TIME100 Next India की पहली सूची में 100 ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जिनके विचार, उपलब्धियां और प्रभाव देश के भविष्य को दिशा दे रहे हैं। यह सूची सिनेमा सहित विभिन्न क्षेत्रों की नई पीढ़ी के प्रभावशाली चेहरों को पहचान देती है।

पायल कपाड़िया और थेजा रियो भी कवर पर शामिल

आर्यन खान के साथ कवर पर फिल्मकार पायल कपाड़िया और थेजा रियो को भी जगह मिली है। पायल कपाड़िया अपनी फिल्म ‘ऑल वी इमैजिन ऐज लाइट’ (All We Imagine as Light) के लिए जानी जाती हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने अपनी पहली फिक्शन फीचर फिल्म के लिए 77वें कान फिल्म महोत्सव में ग्रां प्री पुरस्कार जीता था।

वहीं, थेजा रियो की पहली फीचर फिल्म ‘अंग’ (Angh) को टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में पहचान मिली। तीनों फिल्मकारों को भारतीय सिनेमा की अगली पीढ़ी की ऐसी आवाजों के रूप में देखा गया है, जो कहानी कहने के नए तरीके और अलग-अलग दृष्टिकोण सामने ला रहे हैं।

‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ से आर्यन ने किया निर्देशन में डेब्यू

आर्यन खान की निर्देशित पहली वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का प्रीमियर सितंबर 2025 में नेटफ्लिक्स पर हुआ था। सात एपिसोड की इस सीरीज में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर व्यंग्य के जरिए इसके सत्ता समीकरणों, प्रतिद्वंद्विता, स्टार संस्कृति और अंदरूनी-बाहरी लोगों के बीच के अंतर को दिखाया गया। सीरीज की कहानी महत्वाकांक्षी नए कलाकार आसमान सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार लक्ष्य ने निभाया है।

आसमान बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखता है। इस सफर में उसका दोस्त परवेज (राघव जुयाल) और मैनेजर सान्या (आन्या सिंह) उसका साथ देते हैं। कॉमेडी, ड्रामा और एक्शन के मिश्रण वाली इस सीरीज में बॉलीवुड से जुड़े कई संदर्भ और फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों की झलक भी देखने को मिली। इसका निर्माण शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने किया है।

TIME100 Next India में अन्य चर्चित नाम

सीरीज में लक्ष्य, सहर बाम्बा, बॉबी देओल, राघव जुयाल, आन्या सिंह, मनीष चौधरी, मोना सिंह, विजयंता कोहली, मनोज पाहवा, गौतमी कपूर और रजत बेदी सहित कई कलाकार नजर आए।

TIME100 Next India, प्रतिष्ठित TIME100 Next फ्रेंचाइजी का नया भारतीय संस्करण है। इसे रिलायंस के साथ साझेदारी में शुरू किया गया है। इस सूची में मनोरंजन, कारोबार, विज्ञान और सामाजिक बदलाव सहित विभिन्न क्षेत्रों की उभरती हस्तियों को शामिल किया गया है। इस सूची में अभिनेत्री आलिया भट्ट, स्काईरूट के सीईओ पवन कुमार चंदना, बायो-इंजीनियर लियो मावेली, वैक्सीन निर्माता अदार पूनावाला और सामाजिक नवाचार से जुड़े तरुण चेरुकुरी जैसे नाम भी शामिल हैं।