‘सोचना पड़ेगा’ थीम के साथ लौट रहा KBC 18, बिग बी के साथ दिखेंगे बॉलीवुड के ये दिग्गज...

KBC 18 का ग्रैंड प्रीमियर सितारों से सजा होगा। अमिताभ बच्चन के साथ आमिर खान, प्रीति जिंटा और सनी देओल नजर आएंगे। शो 10 अगस्त से शुरू होगा।

By  Preeti Kamal August 8th 2026 04:40 PM -- Updated: August 8th 2026 03:46 PM

मुंबई: टीवी का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) अपने 18वें सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। शो के ग्रैंड प्रीमियर में इस बार बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आएंगे। महानायक अमिताभ बच्चन के साथ आमिर खान, प्रीति जिंटा और सनी देओल शो की शुरुआत को खास बनाएंगे।

सीजन 18 में सनी देओल पहली बार KBC के हॉट सीट पर बैठकर सवालों का सामना करते दिखाई देंगे। वहीं आमिर खान और प्रीति जिंटा भी ग्रैंड प्रीमियर का हिस्सा बनेंगे।

‘सोचना पड़ेगा’ होगी इस सीजन की थीम

KBC के नए सीजन की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है। इस थीम के जरिए शो में सिर्फ सामान्य ज्ञान ही नहीं, बल्कि सवालों को समझने, तर्क लगाने और सही जवाब तक पहुंचने के लिए सोचने की क्षमता पर जोर दिया जाएगा। शो का नया प्रोमो भी दर्शकों के बीच चर्चा में है। इसमें आमिर खान अमिताभ बच्चन से मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि जब प्रोमो में उन्होंने ‘सोचना पड़ेगा’ कहा है तो आखिर क्या सोचना पड़ेगा।

इस पर अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में जवाब देते हैं कि शो इतना आसान नहीं होने वाला, क्योंकि "सोचना पड़ता है ना भाईसाहब।" आमिर भी तुरंत जवाब देते हैं, "सोचना पड़ेगा, सर, वाकई सोचना पड़ेगा।" दोनों सुपरस्टार्स की यह हल्की-फुल्की बातचीत प्रोमो को और दिलचस्प बना रही है।

10 अगस्त से शुरू होगा KBC 18

‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन 10 अगस्त, सोमवार रात 9 बजे से Sony Entertainment Television और Sony LIV पर प्रसारित होगा। अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने खास अंदाज में प्रतियोगियों से सवाल पूछते नजर आएंगे।

इस बार शो की स्टार-पावर भी काफी मजबूत है। आमिर खान, प्रीति जिंटा और सनी देओल की मौजूदगी से प्रीमियर एपिसोड को लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। KBC 18 की ‘सोचना पड़ेगा’ थीम भी इस बार शो को एक नया अंदाज देने वाली है, जहां ज्ञान के साथ-साथ तर्क और सोचने की क्षमता को भी महत्व दिया जाएगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.