Oscars 2026: भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान, वोटिंग बॉडी में शामिल हुए विशाल भारद्वाज और ए. श्रीकर प्रसाद...

एकेडमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिल क्रेमर और अध्यक्ष लिनेट हावेल टेलर ने कहा कि इस वर्ष के आमंत्रित सदस्य फिल्म निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और वैश्विक फिल्म उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान के लिए चुने गए हैं। एकेडमी के अनुसार, इस वर्ष आमंत्रित 529 सदस्यों में से 53 प्रतिशत अमेरिका के बाहर के देशों से हैं।

By  Preeti Kamal June 25th 2026 05:02 PM

नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की प्रतिष्ठित एकेडमी (Academy of Motion Picture Arts and Sciences) ने वर्ष 2026 के लिए दुनिया भर से 529 नए सदस्यों को अपनी सदस्यता के लिए आमंत्रित किया है, जिनमें कई भारतीय फिल्म पेशेवर भी शामिल हैं। सदस्यता स्वीकार करने के बाद इन हस्तियों को भविष्य के ऑस्कर पुरस्कारों में मतदान का अधिकार प्राप्त होगा।

इस वर्ष आमंत्रित भारतीय फिल्म पेशेवरों में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और संगीतकार विशाल भारद्वाज, वरिष्ठ फिल्म संपादक ए. श्रीकर प्रसाद और दीपा भाटिया प्रमुख नाम हैं। 'मकबूल', 'ओमकारा' और 'हैदर' जैसी चर्चित फिल्मों के लिए पहचान रखने वाले विशाल भारद्वाज को एकेडमी की म्यूजिक शाखा में आमंत्रित किया गया है। वहीं, 45 वर्षों से अधिक के करियर वाले और कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित ए. श्रीकर प्रसाद को फिल्म एडिटर्स शाखा में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। उन्होंने 'RRR', 'दिल चाहता है' और 'साथिया' जैसी कई प्रतिष्ठित फिल्मों का संपादन किया है।

एका लाखानी, दिलीप शंकर और शालिनी कांटैया को भी मिला निमंत्रण

दीपा भाटिया, जिन्होंने 'तारे ज़मीन पर', 'रॉक ऑन!!', 'माय नेम इज़ खान' और 'काई पो चे' जैसी फिल्मों में अपने संपादन कौशल का परिचय दिया, उन्हें भी फिल्म एडिटर्स शाखा में आमंत्रित किया गया है। भारतीय प्रतिनिधित्व को और मजबूत करते हुए कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लाखानी, कास्टिंग डायरेक्टर दिलीप शंकर और डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता शालिनी कांटैया को भी सदस्यता का निमंत्रण मिला है।

फराह खान, राजेश रामचंद्रन, बेकी ग्राहम और जय मेहता भी शामिल

जानकारी के अनुसार, भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े कई अन्य पेशेवरों को भी एकेडमी ने आमंत्रित किया है। इनमें एनीमेशन शाखा में अवनीत कौर, प्रोडक्शन और टेक्नोलॉजी शाखा में फराह खान और राजेश रामचंद्रन तथा विजुअल इफेक्ट्स शाखा में बेकी ग्राहम और जय मेहता शामिल हैं। सदस्यता स्वीकार करने के बाद ये सभी पेशेवर दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित फिल्म संस्थाओं में से एक, एकेडमी के 11 हजार से अधिक सदस्यों वाले वैश्विक समूह का हिस्सा बन जाएंगे। उन्हें ऑस्कर नामांकन और विजेताओं के चयन में मतदान करने का अधिकार मिलेगा।

एकेडमी की संरचना फिल्म निर्माण से जुड़े 17 विभिन्न क्षेत्रों में विभाजित है, जिनमें अभिनेता, निर्देशक, संगीतकार, फिल्म संपादक, कॉस्ट्यूम डिजाइनर, डॉक्यूमेंट्री, कास्टिंग डायरेक्टर और प्रोडक्शन एवं टेक्नोलॉजी जैसी शाखाएं शामिल हैं। नए सदस्यों को उनकी विशेषज्ञता के अनुसार संबंधित शाखा में शामिल किया जाता है।

एकेडमी की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 11,319 होने की संभावना

एकेडमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिल क्रेमर और अध्यक्ष लिनेट हावेल टेलर ने कहा कि इस वर्ष के आमंत्रित सदस्य फिल्म निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और वैश्विक फिल्म उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान के लिए चुने गए हैं। एकेडमी के अनुसार, इस वर्ष आमंत्रित 529 सदस्यों में से 53 प्रतिशत अमरीका के बाहर के देशों से हैं। यदि सभी आमंत्रण स्वीकार कर लिए जाते हैं, तो एकेडमी की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 11,319 हो जाएगी, जिनमें 10,338 मतदान सदस्य होंगे।

भारतीय फिल्म उद्योग के लिए यह उपलब्धि वैश्विक स्तर पर बढ़ती पहचान और प्रभाव का प्रमाण मानी जा रही है। इससे न केवल भारतीय प्रतिभाओं को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर और मजबूती मिलेगी, बल्कि ऑस्कर जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में भारतीय प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.