दुबई में शाहरुख खान ने 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' पर किया डांस, सिग्नेचर पोज से फैंस को बनाया दीवाना

शाहरुख खान ने दुबई में शाहरुख्ज रेजिडेंसेज के लॉन्च पर फिल्म किंग के गाने तू मिल जाए पर डांस किया। गौरी खान और करण जौहर भी मौजूद रहे। एड शीरन के रैप वाले इस गाने को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

By  Preeti Kamal November 12th 2026 02:00 PM -- Updated: November 12th 2026 01:34 PM

दुबई, यूएई: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने बुधवार, 11 नवंबर को दुबई में अपने प्रशंसकों को खास सरप्राइज दिया। अपनी आगामी फिल्म 'किंग' के रोमांटिक गाने 'तू मिल जाए' पर लाइव परफॉर्मेंस देकर उन्होंने फैंस का दिल जीत लिया। इस दौरान शाहरुख ने अपना मशहूर बाहें फैलाने वाला सिग्नेचर पोज भी दिया, जिसे देखकर वहां मौजूद प्रशंसक झूम उठे।

शाहरुख खान दुबई में डेन्यूब प्रॉपर्टीज (Danube Properties) के 'शाहरुख्ज रेजिडेंसेज' (Shahrukhz Residences) के भव्य लॉन्च कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी इवेंट में उन्होंने फिल्म 'किंग' के गाने पर डांस किया। इस परफॉर्मेंस का वीडियो रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया गया।

ऑल-ब्लैक लुक में दिखे शाहरुख, गौरी खान और करण जौहर भी रहे मौजूद

इवेंट में शाहरुख खान ऑल-ब्लैक आउटफिट में नजर आए। उन्होंने डिजाइनर ब्लेजर, मैचिंग ट्राउजर और सनग्लासेस पहने थे। उनके सॉल्ट एंड पेपर हेयरस्टाइल ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इस खास मौके पर उनकी पत्नी गौरी खान समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। फिल्म निर्माता करण जौहर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान शाहरुख खान ने अपने नाम पर रखे गए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के लिए आभार जताया।

61वें जन्मदिन पर रिलीज किया था 'तू मिल जाए'

शाहरुख खान ने 2 नवंबर को अपने 61वें जन्मदिन के मौके पर फिल्म 'किंग' का रोमांटिक गाना 'तू मिल जाए' रिलीज किया था। इस गाने को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने को अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है। इसमें खास बात यह है कि ब्रिटिश सिंगर एड शीरन (Ed Sheeran) ने भी अंग्रेजी रैप किया है। गाना रिलीज होने के बाद एड शीरन ने शाहरुख खान के साथ अपने रिश्ते और इस म्यूजिकल कोलैबोरेशन के बारे में सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी।

एड शीरन ने बताया कैसे बना शाहरुख की फिल्म का गाना

गाने के रिलीज होने के बाद एड शीरन ने सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के साथ अपनी दोस्ती और इस गाने से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया था। एड के मुताबिक, जब उनकी पहली मुलाकात शाहरुख खान से हुई थी, तब अभिनेता ने उनसे अपनी अगली फिल्म के लिए गाना बनाने और बॉलीवुड में डेब्यू करने की बात कही थी।

एड शीरन ने बताया कि भारत के पिछले दौरे के दौरान वह शाहरुख खान के घर गए थे। वहां उन्होंने अपनी और अरिजीत सिंह की म्यूजिक वीडियो 'Sapphire' में शाहरुख से कैमियो करने का अनुरोध किया। इसी मुलाकात में शाहरुख ने उन्हें संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर से मिलवाया। एड ने बताया कि उसी रात उन्होंने फिल्म 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' के लिए अपना रैप लिखा और रिकॉर्ड किया। उन्होंने अरिजीत सिंह के साथ इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने पर भी खुशी जताई।

दीपिका पादुकोण के साथ दिखी शाहरुख की रोमांटिक केमिस्ट्री

'तू मिल जाए' के म्यूजिक वीडियो में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री के साथ फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की झलकियां भी दिखाई गई हैं।

फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स पिक्चर्स इसके निर्माता हैं। फिल्म में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और सुहाना खान के अलावा अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। किंग 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.