जाफर जैक्सन की 'माइकल' बनी दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक, 'ओपेनहाइमर' का रिकॉर्ड टूटा

फिल्म के आधिकारिक विवरण के अनुसार, 'माइकल' में संगीत जगत के इस महान कलाकार के जीवन को ईमानदारी से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की कहानी वर्ष 1988 तक सीमित है और इसमें माइकल जैक्सन के वैश्विक सुपरस्टार बनने तक के सफर को दिखाया गया है। उनके जीवन के बाद के विवादों और आरोपों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।

By  Preeti Kamal June 29th 2026 03:56 PM

लॉस एंजिलिस, अमरीका: जाफर जैक्सन अभिनीत फिल्म 'माइकल' दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक बन गई है। फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 97.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर (977 मिलियन डॉलर) की कमाई कर 'ओपेनहाइमर' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले क्रिस्टोफर नोलन निर्देशित 'ओपेनहाइमर' 97.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (975 मिलियन डॉलर) की कमाई के साथ सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक थी।

'माइकल' इससे पहले ही दुनिया की सबसे सफल म्यूजिकल बायोपिक का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। इसने साल 2018 में रिलीज हुई 'बोहेमियन रैप्सोडी' की 91.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर (911 मिलियन डॉलर) की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया। लायंसगेट द्वारा अमरीका और यूनिवर्सल पिक्चर्स द्वारा अंतरराष्ट्रीय बाजार में वितरित इस फिल्म ने अप्रैल में रिलीज के बाद विदेशी बाजारों से 60.72 करोड़ अमेरिकी डॉलर और घरेलू बॉक्स ऑफिस से 37.02 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कमाई की है।

फिल्म में 'किंग ऑफ पॉप' बनने तक की यात्रा को दिखाया

फिल्म का निर्देशन एंटोनी फूक्वा ने किया है। इसमें पॉप संगीत के महानायक माइकल जैक्सन की जैक्सन 5 से लेकर 'किंग ऑफ पॉप' बनने तक की यात्रा को दिखाया गया है। फिल्म में माइकल जैक्सन की भूमिका उनके वास्तविक जीवन के भतीजे जाफर जैक्सन ने निभाई है। यह उनकी अभिनय की पहली फिल्म है। वहीं कोलमैन डोमिंगो और निया लॉन्ग ने माइकल के माता-पिता जो जैक्सन और कैथरीन जैक्सन की भूमिका निभाई है। माइकल जैक्सन का वर्ष 2009 में 50 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। फिल्म के आधिकारिक विवरण के अनुसार, 'माइकल' में संगीत जगत के इस महान कलाकार के जीवन को ईमानदारी से प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में किसी भी विवाद को नहीं दिखाया गया

फिल्म की कहानी वर्ष 1988 तक सीमित है और इसमें माइकल जैक्सन के वैश्विक सुपरस्टार बनने तक के सफर को दिखाया गया है। उनके जीवन के बाद के विवादों और आरोपों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इसके साथ ही 'माइकल' लायंसगेट की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है। इसने साल 2013 की 'द हंगर गेम्स: कैचिंग फायर' का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टूडियो अब माइकल जैक्सन पर एक और फिल्म बनाने की तैयारी कर सकता है।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.