नई दिल्ली: हॉलीवुड फिल्ममेकर जेम्स गन (James Gunn) ने अपनी आगामी फिल्म 'Man of Tomorrow' को लेकर चल रही अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्काईडांस (Skydance) की ओर से किसी ने भी अभी तक फिल्म नहीं देखी है। ऐसे में फिल्म की कहानी में बड़े बदलाव करने या कुछ किरदारों को हटाने की खबरें पूरी तरह गलत हैं।

जेम्स गन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Threads पर एक पोस्ट के जरिए इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब जेम्स गन और पीटर सफ्रान (Peter Safran) ने 1 दिसंबर से DC Studios के सह-सीईओ पद से हटने का ऐलान किया है। पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि स्काईडांस फिल्म में बड़े बदलाव करना चाहता है। इनमें कुछ किरदारों को हटाने और कहानी में व्यापक बदलाव करने की अटकलें भी शामिल थीं।

View on Threads

"कई तरह की झूठी अफवाहें फैल रही हैं"

इन दावों को खारिज करते हुए गन ने कहा कि फिल्म को अभी तक स्काईडांस के किसी भी व्यक्ति ने नहीं देखा है। उन्होंने लिखा, "कई तरह की झूठी अफवाहें फैल रही हैं। इनमें से एक यह है कि स्काईडांस ने Man of Tomorrow देख ली है और फिल्म में कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।" गन ने आगे स्पष्ट किया कि फिल्म अब तक केवल पीटर सफ्रान और उनके कुछ बेहद भरोसेमंद दोस्तों तथा परिवार के सदस्यों ने देखी है। उन्होंने कहा कि इन अफवाहों से जुड़ी सभी खबरें गलत हैं।

'Superman' के सीक्वल में नजर आएंगे David Corenswet

'Man of Tomorrow' साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'Superman' का सीक्वल है। इसमें डेविड कोरेन्सवेट (David Corenswet) एक बार फिर क्लार्क केंट और सुपरमैन की भूमिका में दिखाई देंगे।

फिल्म में निकोलस हॉल्ट (Nicholas Hoult), लार्स ईडिंगर (Lars Eidinger), राचेल ब्रोसनाहन (Rachel Brosnahan), स्काइलर गिसोंडो (Skyler Gisondo), सारा सम्पाइओ (Sara Sampaio), इसाबेला मर्सेड (Isabela Merced), नेथन फिलियन (Nathan Fillion), एडी गैथेगी (Edi Gathegi) और एड्रिया अर्जोना (Adria Arjona) भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की मुख्य शूटिंग अगस्त में पूरी हो चुकी है और फिलहाल यह पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है। इसे 9 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

DC Studios छोड़ रहे हैं James Gunn और Peter Safran

जेम्स गन और पीटर सफ्रान 1 दिसंबर को DC Studios में अपने सह-सीईओ पदों से हट जाएंगे। उनकी जगह पूर्व मार्वल एग्जीक्यूटिव जेरेमी लैचम (Jeremy Latcham) DC Studios के अध्यक्ष और मुख्य क्रिएटिव ऑफिसर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इस बदलाव को लेकर अभिनेता स्काइलर गिसोंडो ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने The Hollywood Reporter को दिए इंटरव्यू में कहा कि गन और सफ्रान के जाने से उन्हें दुख है। दोनों ने कलाकारों की जिंदगी बदल दी है और वह उन्हें मिले अवसरों के लिए बेहद आभारी हैं। DC के भविष्य के प्रोजेक्ट्स को लेकर सवाल पूछे जाने पर गिसोंडो ने कहा कि ऐसी कई बातें हैं, जिनके बारे में उन्हें अभी जानकारी नहीं है।

तीसरी Superman फिल्म पर भी काम कर रहे थे James Gunn

रिपोर्ट के मुताबिक, जेम्स गन नेतृत्व में बदलाव की घोषणा से पहले सुपरमैन फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म पर भी काम कर रहे थे। वहीं, 'Man of Tomorrow' के साथ HBO Max की 'The People v. Gorilla Grodd' भी पोस्ट-प्रोडक्शन में है। इस प्रोजेक्ट में स्काइलर गिसोंडो एक बार फिर डेली प्लैनेट के फोटोग्राफर जिमी ओल्सन की भूमिका निभा रहे हैं। इसकी शूटिंग अक्टूबर में पूरी हुई थी।