बॉक्स ऑफिस पर पिछड़ी ‘डिगर’, टॉम क्रूज बोले- ‘हमें जो बनाया उस पर बेहद गर्व है’

टॉम क्रूज की फिल्म ‘डिगर’ बॉक्स ऑफिस पर कमजोर शुरुआत कर रही है। करीब 125 मिलियन डॉलर के बजट वाली फिल्म के शुरुआती सप्ताहांत में 8 मिलियन डॉलर कमाने का अनुमान है। इसके बावजूद क्रूज ने फिल्म और पूरी टीम पर गर्व जताया है।

By  Preeti Kamal October 4th 2026 04:50 PM -- Updated: October 4th 2026 03:54 PM

लॉस एंजिल्स: हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज की नई फिल्म ‘डिगर’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं कर पाई है। हालांकि, फिल्म के कमजोर प्रदर्शन के बीच क्रूज ने इसके कलाकारों और पूरी टीम का समर्थन करते हुए फिल्म पर गर्व जताया है।

टॉम क्रूज ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग के दौरान की तस्वीरें साझा कीं और पूरी टीम के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ फिल्म बनाने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है।

टॉम क्रूज ने टीम को कहा धन्यवाद

क्रूज ने फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह फिल्म बनाने के अनुभव के लिए बेहद आभारी हैं। उन्होंने कलाकारों और तकनीकी टीम की मेहनत, समर्पण और उत्साह के लिए धन्यवाद दिया। अभिनेता ने कहा कि पूरी टीम के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए यादगार रहा और उन्हें इस बात पर बेहद गर्व है कि सभी ने मिलकर क्या बनाया।

125 मिलियन डॉलर के बजट में बनी फिल्म

अलेजांद्रो जी. इनारितु के निर्देशन में बनी ‘डिगर’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 12.5 करोड़ डॉलर है और द हॉलीवुड रिपोर्टर के अनुमान के अनुसार इसके शुरुआती सप्ताहांत की कमाई लगभग 80 लाख डॉलर रह सकती है। वार्नर ब्रदर्स ने फिल्म को उत्तरी अमेरिका में करीब 3,300 सिनेमाघरों में रिलीज किया है।

फिल्म की कहानी एक अहंकारी तेल कारोबारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके फैसले एक प्राकृतिक आपदा का कारण बनते हैं। फिल्म में रिज अहमद, जॉन गुडमैन और सैंड्रा हुलर भी अहम भूमिकाओं में हैं।

दर्शकों और समीक्षकों से मिली कमजोर प्रतिक्रिया

‘डिगर’ को दर्शकों से सी सिनेमास्कोर मिला है, जबकि रॉटन टोमेटोज पर फिल्म की आलोचक स्वीकृति फिलहाल 51 प्रतिशत बताई गई है। फिल्म में टॉम क्रूज अपने आम एक्शन अवतार से बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक गंजे और भारी शरीर वाले तेल कारोबारी की भूमिका निभाई है।

पुराने दौर की फिल्म निर्माण शैली की ओर वापसी

‘डिगर’ के जरिए क्रूज उन फिल्मकार-केंद्रित फिल्मों की ओर लौटते नजर आ रहे हैं, जिनमें उन्होंने अपने करियर के शुरुआती और मध्य दौर में काम किया था। इनमें ‘रेन मैन’, ‘बॉर्न ऑन द फोर्थ ऑफ जुलाई’ और ‘मैगनोलिया’ जैसी फिल्में शामिल हैं। क्रूज जल्द ही एक्शन फिल्मों में वापसी कर सकते हैं। उनकी अगली परियोजनाओं में ‘डेज ऑफ थंडर 2’ भी शामिल है, जिसका निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

इस बीच ऐमजॉन एमजीएम स्टूडियोज की ‘वेरिटी’, जिसमें ऐन हैथवे मुख्य भूमिका में हैं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 3.3 करोड़ डॉलर की शुरुआती कमाई के साथ शीर्ष पर रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘डिगर’ टॉम क्रूज के लिए 2007 की ‘लायंस फॉर लैम्ब्स’ के बाद सबसे कमजोर शुरुआती सप्ताहांत वाली फिल्मों में शामिल हो सकती है। ‘लायंस फॉर लैम्ब्स’ ने अपने शुरुआती सप्ताहांत में 67 लाख डॉलर कमाए थे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.